
राजकोट. अमरेली जिले के बाबरा शहर में घरेलू कलह के चलते एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की घटना सोमवार को सामने आने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, बाबरा के खोजा शेरी इलाके में स्थित एक मकान से सोमवार को एक महिला शारदा विनोद गोहेल (42) का शव हत्या की हालत में मिला। दूसरी ओर, महिला के पति विनोद नक पुत्र रोहन के साथ अहमदाबाद जिले की धोलका तहसील के कादीपुर गांव स्थित अपने पैतृक घर में जहरीली दवा पीकर आत्महत्या कर ली, जिससे दोनों की मौत हो गई।
बाबरा की खोजा शेरी में रहने वाले गोहेल परिवार के सदस्यों से संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। इस दौरान संदेह होने पर बाबरा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की टीम ने खोजा शेरी स्थित बंद मकान में तलाशी ली तो अंदर शारदा का शव खून से लथपथ हालत में मिला।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक विस्मय मानसेता सहित पुलिस का काफिला तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि घरेलू विवाद के चलते गुस्से में आए विनोद ने पत्नी शारदा पर डंडे और पत्थर से जानलेवा हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद विनोद मकान को बंद कर पुत्र के साथ कादीपुर गांव स्थित अपने पैतृक घर पहुंचा। वहां सोमवार को पिता-पुत्र अलग-अलग कमरों में गए और जहरीली दवा पी ली। इसके चलते दोनों की मौत हो गई।
इस तरह घरेलू विवाद के चलते एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई, जिससे गोहेल परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। विनोद कुछ समय पहले ही कादीपुर गांव से बाबरा की खोजा शेरी में रहने गया था। वह हीरे के कारखाने में रत्न कलाकार के रूप में काम करके परिवार का गुजारा चलाता था।
पुलिस उपाधीक्षक मानसेता ने बताया कि महिला का शव हत्या की हालत में मिला और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पति ने पत्नी की हत्या की और उसके बाद पुत्र के साथ कादीपुर गांव स्थित पैतृक घर में आत्महत्या कर ली। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में हत्या का मामला दर्ज किया।