
अहमदाबाद. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर भारतीय डाक विभाग-गुजरात परिमंडल की ओर से राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान (एनआईडी) में डाक प्रदर्शनी लगाई गई है। मंगलवार से आरंभ हुई इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में विश्व के 102 देशों की ओर से महात्मा गांधी पर जारी किए गए डाक टिकट देखे जा सकते हैं। यह संभवत: पहला वाकया है जब एक साथ 102 देशों की ओर से महात्मा गांधी पर जारी किए गए डाक टिकट की प्रदर्शनी जारी की गई है।
डाक टिकटों को देखने का मौका मिलने पर विद्यार्थी और उनके परिजन काफी खुश दिखे।
इससे पहले डाक विभाग के अतिरिक्त महानिदेशक विश्वपवनपति ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
डाक परिमंडल-गुजरात (मुख्यालय) के पोस्ट मास्टर जनरल राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष अब तक 40 देश महात्मा गांधी पर डाक टिकट जारी कर चुके हैं। प्रदर्शनी देखने पहुंचे सुनील कुमार जोशी ने बताया कि अभी तक उन्होंने ऐसी डाक टिकट प्रदर्शनी नहीं देखी थी। छात्र देवानंद जोशी ने भी कहा कि उसे यहां जानने को मिला कि कितने देशों ने महात्मा गांधी पर डाक टिकट जारी हुए हैं। इतना ही नहीं महात्मा गांधी पर 1948 में जारी डाक टिकट की फोटो भी देखने को मिलेगी। इस असली डाक टिकट की कीमत आज एक करोड़ है। जबकि वह 10 रुपए का डाक टिकट है।
डाक विभाग के वरिष्ठ पोस्टमास्टर अल्पेश शाह ने बताया कि महात्मा गांधी की फिलाटेली प्रदर्शनी में 120 फिलाटेली फ्रेम भी लगाई हैं। इस दौरान स्कूल-कॉलेज के छात्र और आमजन के लिए चित्रकला की प्रतियोगिता की गई। जहां चित्रकला की थीम 'महात्मा गांधी और सरदार पटेलÓ रखी गई। बुधवार को पत्रलेखन स्पर्धा होगी, जिसकी थीम 'पूज्य बापू आप अमर हैं' है।