अहमदाबाद

गुजरात प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष बने जगदीश विश्वकर्मा

-प्रदेश प्रभारी भूपेंद्र यादव ने की निर्विरोध चयन की घोषणा, सी आर पाटिल ने सीएम भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में सौंपा पदभार, राज्यभर से कमलम पहुंचे कार्यकर्ता

2 min read

Ahmedabad. गुजरात के भूपेंद्र सरकार में सहकारिता राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा (52) प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष बने। इस पद पर उनका निर्विरोध चयन हुआ। पार्टी के प्रदेश प्रभारी सह केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने शनिवार सुबह उनके निर्विरोध चयन की आधिकारिक घोषणा की।

ओबीसी समुदाय से आने वाले अहमदाबाद की निकोल सीट से तीन बार के विधायक विश्वकर्मा को अब तक पार्टी प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री सी आर पाटिल ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर बिठाया और साथ ही पदभार सौंपा। मंत्री, विधायक, सांसदों के साथ राज्यभर से कार्यकर्ता नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा और पदग्रहण समारोह में पहुंचे थे।

संगठन की दृष्टि से उत्कृष्ट राज्यों में गुजरात: यादव

पार्टी के प्रदेश प्रभारी, केन्द्रीय मंत्री सह केंद्रीय चुनाव निरीक्षक भूपेंद्र यादव ने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ जगदीश विश्वकर्मा का ही नामांकन पत्र भरा गया था। ऐसे में उन्हें निर्विरोध निर्वाचित किया जाता है। उन्होंने कहा कि गुजरात संगठन की दृष्टि से देश के उत्कृष्ट राज्यों में रहा है। मंडल से लेकर प्रदेश तक संगठन के गठन में सात्विकता रही है। गुजरात लगातार उदाहरण बना है। सरकार और संगठन ने साथ मिलकर एक विकास का मॉल स्थापित किया है। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विशेष मार्गदर्शन रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल व प्रदेश के चुनाव अधिकारी उदय कानगड ने भी संबोधन किया।

टीम गुजरात बन करेंगे जनता की सेवा: विश्वकर्मा

पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विश्वकर्मा ने कहा कि पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मेरी पहचान नहीं बल्कि मेरे सामने बैठे मेरे कार्यकर्ता मेरी सच्ची पहचान हैं।कार्यकर्ताओं के सहयोग से टीम गुजरात बन जनता की सेवा करेंगे। पार्टी की स्थापना से लेकर गुजरात में पार्टी को मजबूत करने वाले सभी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, अहम नेताओं के योगदान को याद करते हुए विश्वकर्मा ने इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने व उन पर विश्वास करने के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनके लिए बूथ प्रमुख व जिला अध्यक्ष दोनों एक समान हैं। कार्यकर्ता ही भाजपा की सच्ची पूंजी हैं। बीते 25 साल से जनता के विश्वास जताने से जिम्मेदारी बढ़ जाती है। जनता की आशा-अपेक्षा को पूरा करने के लिए सभी कार्यकर्ता प्रतिबद्ध हैं।

शाह, सीएम सहित राष्ट्रीय परिषद के 39 सदस्यों में निर्विरोध

केंद्रीय चुनाव निरीक्षक यादव ने राष्ट्रीय परिषद के 39 सदस्यों के भी निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। इनमें 4 केंद्रीय मंत्री अमित शाह, सी आर पाटिल, मनसुख मांडविया व निमु बांभणिया, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, कुछ अन्य सांसद, राज्य सरकार में मंत्री व विधायक व पूर्व विधायक भी शामिल हैं।

Published on:
04 Oct 2025 10:28 pm
Also Read
View All

अगली खबर