
वडोदरा. शहर में रहने वाले हजारों छठ व्रतधारियों ने शनिवार को खरना का पर्व भक्तिभाव एवं श्रद्धा से मनाया। इस अवसर पर व्रतधारियों ने पवित्र स्नान कर गन्ने के रस से बनी खीर प्रसाद के रूप में ग्रहण किया। आस-पास के लोगों ने भी व्रतधारियों के घर जाकर प्रसाद ग्रहण किया।
बिहार सांस्कृतिक मंडल के महासचिव विधान झा एवं डी एन ठाकुर ने बताया कि परिवार की सुख-समृद्धि तथा कष्टों के निवारण के लिए किए जाने वाले इस व्रत की एक विशेषता यह है कि इस पर्व को करने के लिए किसी पंडित की आवश्यकता नहीं होती है। खरना के बाद से व्रतधारियों का छत्तीस घंटे का निर्जला उपवास प्रारंभ हो गया। अब ये व्रतधारी सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य के बाद भोजन ग्रहण करेंगे। उन्होंने बताया कि रविवार को सभी व्रतधारी अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य प्रदान करेंगे, जबकि सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ पूजा संपन्न होगी।
बिहार सांस्कृतिक मंडल की ओर से महीसागर नदी के किनारे कोटना बीच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसमें भोजपुरी, मैथिली एवं मगही के प्रसिद्ध कलाकार रंगारंग प्रस्तुति देंगे। पूर्वांचल लोकहित मंडल की ओर से बापोद तालाब के किनारे अखंड अष्टयाम यज्ञ का आयोजन किया गया है। मंडल के अध्यक्ष हरेन्द्र सिंह एवं महासचिव राजू तिवारी ने बताया कि व्रतधारियों के लिए सभी प्रकार के प्रबंध किए गए हैं।
राजकोट. लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दूसरे दिन खरना के पावन अवसर पर राजकोट में जरूरतमंद छठ व्रतियों के बीच वस्त्र, फल और पूजन सामग्री का वितरण किया गया। समाजसेवी घनश्याम मिश्र की ओर से आजी डैम सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में यह सेवा कार्य किया गया।
इस दौरान दर्जनों जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं और छठ व्रतियों को नए वस्त्र, सुहाग की श्रृंगार सामग्री, पूजा सामग्री और विभिन्न प्रकार के फल भेंट किए गए। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी छठ महापर्व श्रद्धा और परंपरा के साथ मनाने में सहयोग करना था।
छठ पूजा के चार दिवसीय अनुष्ठान में खरना का विशेष महत्व है। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को गुड़, दूध तथा चावल से बनी खीर और गेहूं की रोटी का प्रसाद तैयार कर छठी मैया को अर्पित करते हैं। इसके बाद प्रसाद ग्रहण कर व्रती 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लेते हैं। खरना के अगले दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है।