अहमदाबाद

न्यू नवचेतन स्कूल संचालक प्रीतेश पटेल गिरफ्तार

मंजूरी बिना विद्यार्थियों को दसवीं में प्रवेश देकर ठगी का मामला९.८५ लाख की फीस वसूली कर किया विश्वासघात
2 min read
Ahmedabad city police
न्यू नवचेतन स्कूल संचालक प्रीतेश पटेल गिरफ्तार

अहमदाबाद. मेघाणीनगर के न्यू नवचेतन स्कूल के संचालक प्रीतेश पटेल को मेघाणीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उस पर मंजूरी के बिना ३२ विद्यार्थियों को नौवीं और दसवीं कक्षा में प्रवेश देकर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने और फीस के ९.८५ लाख रुपए हड़पने का आरोप है। इस मामले में पहले दो ट्रस्टियों हरीश देसाई और सुरेश दवे को गिरफ्तार किया था।
यह मामला मार्च-२०१८ में दसवीं बोर्ड की परीक्षा शुरू होने से चंद दिन पहले तब सामने आया जब दसवीं में पढऩे वाले विद्यार्थी प्रवेश पत्र लेने के लिए स्कूल पहुंचे, लेकिन उन्हें प्रवेश पत्र नहीं मिला। इस पर जीएसईबी कार्यालय गांधीनगर तक गुहार लगाई।
जांच कराने पर अहमदाबाद शहर के शिक्षा निरीक्षक पी.आर.परमार ने ठगी के घटनाक्रम का पर्दाफाश किया। उसके बाद मेघाणीनगर थाने में न्यू नवचेतन स्कूल के संचालक प्रीतेश पटेल, ट्रस्टियों, प्राचार्य व क्लर्कों के विरुद्ध विश्वासघात व ठगी का मामला दर्ज कराया।
सभी पर आरोप लगाया गया है कि इन लोगों ने जीएसईबी की ओर से नौवीं व दसवीं कक्षा की मान्यता लिए बिना ही वर्ष २०१६ में ९वीं कक्षा शुरू कर दी। ३२ विद्यार्थियों को प्रवेश दे दिया, उनसे महीने के सात सौ रुपए, प्रवेश फीस, साल में दो बार सत्र फीस, सालाना फीस लेकर विद्यार्थियों के पास से नौ लाख ८५ हजार रुपए की फीस वसूल की।
शैक्षणिक वर्ष २०१७-१८ में दसवीं कक्षा में ३२ विद्यार्थियों को प्रवेश दिया। उनसे फीस वसूली और प्रवेश-पत्र ना देकर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। इन्हें पूरे साल बिना बताए पढ़ाई कराई, लेकिन बोर्ड की ओर से मान्यता नहीं होने के चलते स्कूल संचालकों की ओर से बोर्ड परीक्षा के लिए जरूरी ऑनलाइन दसवीं कक्षा के परीक्षा फॉर्म नहीं भरे। ना ही अंतिम तिथि बढ़ाए जाने पर फॉर्म भरे।
परीक्षाएं करीब आने पर जीएसईबी अध्यक्ष को पत्र लिखकर ३२ विद्यार्थियों के दसवीं की बोर्ड परीक्षा के प्रवेश पत्र मांगे। इस बाबत दसवीं बोर्ड कार्यालय पहुंचने पर पता चला कि स्कूल को अब तक मान्यता ही नहीं है। ऐसे में इन विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र नहीं दिए जा सकते हैं।

Published on:
21 May 2018 10:43 pm