शांति बनाए रखना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी मोरबी. कैंसर सरीखे असाध्य रोग से पीड़ित मोरबी के विधायक सह श्रम व रोजगार राज्यमंत्री कांतिभाई अमृतिया मुंबई में दो महीने के लंबे उपचार के बाद कैंसर को मात देकर शुक्रवार देर रात मोरबी लौटे। हाथी पर बिठाकर उनकी सम्मान यात्रा निकाली गई।शहर के दरबारगढ़ चौक से बापा सीताराम […]
शांति बनाए रखना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी
मोरबी. कैंसर सरीखे असाध्य रोग से पीड़ित मोरबी के विधायक सह श्रम व रोजगार राज्यमंत्री कांतिभाई अमृतिया मुंबई में दो महीने के लंबे उपचार के बाद कैंसर को मात देकर शुक्रवार देर रात मोरबी लौटे। हाथी पर बिठाकर उनकी सम्मान यात्रा निकाली गई।
शहर के दरबारगढ़ चौक से बापा सीताराम चौक तक यह यात्रा निकाली गई। इस दौरान शहर के विभिन्न चौकों पर अलग-अलग संगठनों और समाजों की ओर से स्वागत और अभिनंदन किया गया। बाद में बापा सीताराम चौक पर अमृतिया ने सभा को संबोधित किया।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कहीं भी गलत काम हो रहा हो तो उसे बंद करवाना चाहिए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जो नीति और नियम से चलता है वही भाजपा का सच्चा कार्यकर्ता है।
मोरबी में हाल ही में हुई हत्याओं के मामलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब कानाभाई खुद मैदान में उतरेंगे। अपराधियों व असामाजिक तत्वों को उन्होंने यह चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि मोरबी में शांति बनाए रखना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है, क्योंकि शांति होगी तभी व्यापारी व्यापार कर सकेंगे और नागरिक शांति से जीवन जी सकेंगे।
कैंसर का निदान होने के बाद उन्होंने पदयात्रा कर सुरेंद्रनगर के चोटिला में दर्शन किए थे। उस प्रसंग को भी याद किया। उन्होंने बताया कि उनके शरीर में मोबाइल के आकार की गांठ निकली थी। बीमारी से लड़ते समय उनके लिए प्रार्थना, हवन और पूजा करने वाले सभी कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और नागरिकों की उन्होंने सराहना की।
उन्होंने कहा कि मोरबी मनपा बनने के बाद पिछले वर्ष का 700 करोड़ का बजट बढ़कर 1100 करोड़ से अधिक हो गया है। मोरबीवासियों की विकास की भूख को पूरा करने के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे।
आत्मबल से ही रोग का सामना करना संभव
अमृतिया ने विपक्षी नेताओं को जन्मदिन के गुब्बारे बताया, जो ज्यादा देर तक नहीं टिकते। साथ ही मरीजों को प्रेरणादायक संदेश देते हुए कहा कि मजबूत मनोबल से बीमारी 50 प्रतिशत तक खत्म हो जाती है और आत्मबल से ही रोग का सामना किया जा सकता है। उन्होंने दोहराया कि मोरबी के विकास कार्य लगातार जारी रहेेंगे।
हमसे है जमाना, जमाने से हम नहीं : सोमाणी
वांकानेर के विधायक जीतू सोमाणी ने कहा कि हमसे है जमाना, जमाने से हम नहीं और कई बातें संकेतों में कही।