राजस्थान की बूंदी पुलिस ने अहमदाबाद से पकड़ा नेहरू परिवार पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला
अहमदाबाद. पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में बॉलीवुड एक्ट्रेस और मॉडल पायल रोहतगी को रविवार को हिरासत में लिया गया है। बताया जाता है कि राजस्थान की बूंदी पुलिस ने रोहतगी को अहमदाबाद स्थित उनके निवास से हिरासत में लिया।
रोहतगी के खिलाफ सोशल मीडिया पर एक वीडियो में आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। रोहतगी पर स्वतंत्रता सेनानी मोतीलाल नेहरू के परिवार के खिलाफ वीडियो में आपत्तिजनक टिप्पणी करने के साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की पत्नी को बदनाम करने का भी आरोप लगाया गया था। पायल ने इस संबंध में ट्वीट भी किया है जिसमे यह लिखा गया है कि गूगल से जानकारी लेकर मोतीलाल नेहरू पर वीडियो बनाने के मामले में राजस्थान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है। इसे पहले आपत्तिजनक वीडियो को लेकर रोहतगी को नोटिस जारी किया गया था।
राजस्थान यूथ कांग्रेस के महासचिव चारमेश शर्मा की ओर से नेहरू के खिलाफ़ आपत्तिजनक वीडियो को लेकर रोहतगी के खिलाफ गत अक्टूबर महीने में बूंदी सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी।