अहमदाबाद

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का 80 प्रतिशत कार्य पूरा : वैष्णव

अहमदाबाद. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। वर्ष 2027 में सूरत-बिलिमोरा सेक्शन पर बुलेट ट्रेन का प्रथम चरण प्रारंभ होगा। इसके बाद क्रमिक रूप से वापी से सूरत, वापी से अहमदाबाद, अहमदाबाद से ठाणे और अहमदाबाद से मुंबई तक विस्तार किया जाएगा।
3 min read
80% of Mumbai-Ahmedabad Bullet Train Project Work Completed: Vaishnaw
असारवा रेलवे स्टेशन का मास्टर प्लान दिखाते रेल मंत्री अ​श्विनी वैष्णव।

अहमदाबाद शहर एवं रेलवे से जुड़े 5 प्रमुख विकास कार्यों पर निर्णय लिया गया, 2027 में सूरत-बिलिमोरा खंड का प्रथम चरण होगा पूरा, फिर वापी से सूरत, वापी से अहमदाबाद, अहमदाबाद से ठाणे और अंत में अहमदाबाद से मुंबई तक विस्तार होगा

अहमदाबाद. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।वर्ष 2027 में सूरत-बिलिमोरा सेक्शन पर बुलेट ट्रेन का प्रथम चरण प्रारंभ होगा। इसके बाद क्रमिक रूप से वापी से सूरत, वापी से अहमदाबाद, अहमदाबाद से ठाणे और अहमदाबाद से मुंबई तक विस्तार किया जाएगा।
वैष्णव ने अहमदाबाद एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में यह बातें कहीं। शहर के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने शहर एवं रेलवे से जुड़े पांच प्रमुख विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने अधिकारियों को निर्देश के दिए। इस अवसर पर शहर एवं रेलवे के बुनियादी ढांचे से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अहमदाबाद सहित पूरे गुजरात में विश्वस्तरीय रेलवे बुनियादी ढांचे, आधुनिक स्टेशन, बेहतर सड़क संपर्क तथा अत्याधुनिक परिवहन सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इन प्रोजेक्ट के पूर्ण होने से यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, शहरी यातायात सुगम होगा तथा क्षेत्र के समग्र आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। बैठक के बाद वैष्णव ने कहा कि बैठक के दौरान अहमदाबाद शहर एवं रेलवे से जुड़े 5 प्रमुख विकास कार्यों पर निर्णय लिया गया।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सैजपुर बोघा क्त्त्र में स्थित ओमनगर अंडरपास का शेष कार्य आगामी नवरात्रि महोत्सव से पूर्व हर हाल में पूरा किया जाए।

असारवा स्टेशन एवं टर्मिनल का मास्टर प्लान तैयार

असारवा क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए असारवा स्टेशन के लिए एक समग्र मास्टर प्लान तैयार किया है। इसके तहत नया स्टेशन भवन, आधुनिक यात्री सुविधाएं तथा डीआरएम कार्यालय सहित आसपास के रेलवे क्षेत्र का समेकित विकास कर इसे एक आधुनिक एवं सुव्यवस्थित टर्मिनल के रूप में विकसित किया जाएगा।
अहमदाबाद स्टेशन पर सारंगपुर की ओर द्वितीय प्रवेश द्वार
अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के तहत सारंगपुर दिशा से दूसरे प्रवेश द्वार बनेगा। इसके लिए सड़क संपर्क के विकास पर भी सहमति बनी। इसके लिए व्यवस्था बनाई जाएगी।

शाहपुर-अहमदाबाद फ्लाईओवर प्रोजेक्ट

शाहपुर-अहमदाबाद फ्लाईओवर के निर्माण के संबंध में भारतीय पुरातत्व एवं राष्ट्रीय स्मारक संरक्षण से जुड़े विषयों पर आवश्यक समन्वय स्थापित करने का निर्णय लिया गया। वैष्णव ने बताया कि इस संबंध में केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से चर्चा की गई है तथा सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त कर प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाया जाएगा।

साबरमती स्टेशन तक रोड विस्तार

साबरमती रेलवे स्टेशन तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टेशन रोड के विस्तार एवं समग्र विकास के लिए संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी। इस बैठक में शहर भाजपा अध्यक्ष प्रेरक शाह, महापौर हितेश बारोट, सांसद दिनेश मकवाणा, विधायक कौशिक जैन, उपमहापौर अंजू शाह, पश्चिम रेलवे के जीएम रामाश्रय पांडेय व अहमदाबाद के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश आदि मौजूद थे।

रेल मंत्री ने की शहर में बुलेट ट्रेन स्टेशन निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा, इंजीनियरों एवं निर्माण टीमों से किया संवाद

अहमदाबाद. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के तहत निर्माणाधीन अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशन का दौरा कर प्रोजेक्ट के प्रगति कार्यों की समीक्षा की। साथ ही इस प्रोजेक्ट में कार्यरत इंजीनियरों एवं निर्माण टीमों से संवाद किया। वैष्णव ने बुलेट ट्रेन स्टेशन भवन एवं उससे संबंधित आधारभूत संरचना के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अहमदाबाद खंड में कॉरिडोर के कुछ सबसे जटिल इंजीनियरिंग कार्य किए जा रहे हैं, जिनमें मौजूदा रेलवे लाइनों एवं फ्लाईओवरों के ऊपर अनेक क्रॉसिंग का निर्माण शामिल है।
उन्होंने अहमदाबाद के कालूपुर में पुनर्विकास कार्य के तहत बहुमंजिला स्टेशन भवन तथा रेलवे बुनियादी ढांचे की प्रगति का भी अवलोकन किया और अधिकारियों को प्रोजेक्ट को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए निर्माण कार्य की गति बनाए रखने के निर्देश दिए।
केंद्रीय मंत्री ने निर्माण स्थल पर कार्यरत इंजीनियरों एवं निर्माण टीमों से मुलाकात कर उनके कार्य, अनुभव एवं कुशलक्षेम की जानकारी ली तथा उनकी समर्पित भावना, प्रतिबद्धता और अथक परिश्रम की सराहना की।
उन्होंने निर्माण कार्य की निरंतर प्रगति के लिए टीमों की प्रशंसा करते हुए उन्हें सुरक्षा, गुणवत्ता तथा इंजीनियरिंग उत्कृष्टता के सर्वोच्च मानकों को बनाए रखते हुए कार्य जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
वैष्णव ने कहा कि अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशन को एक पूर्णतः एकीकृत मल्टीमॉडल परिवहन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो बुलेट ट्रेन स्टेशन को पारंपरिक रेलवे स्टेशन, मेट्रो तथा शहर की बस सेवाओं से सहज रूप से जोड़ेगा। उन्होंने यह भी बताया कि स्टेशन की डिजाइन अहमदाबाद की सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक 'पतंग' से प्रेरित है, जिसमें शहर की सांस्कृतिक विरासत और विश्वस्तरीय रेलवे का बुनियादी ढांचे का उत्कृष्ट समन्वय किया गया है।

Updated on:
04 Jul 2026 10:25 pm
Published on:
04 Jul 2026 10:25 pm