4 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Ahmedabad: नए पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत ने संभाला पदभार, बतौर सीपी प्राथमिकताएं गिनाईं

डीजीपी सह प्रभारी सीपी जी.एस.मलिक ने सौंपा कार्यभार, भगवान जगन्नाथ रथयात्रा की सुरक्षा, ट्रैफिक समस्या हल करना प्राथमिकता: गहलोत, शहर पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी संभालते ही नगरदेवी भद्रकाली के दर्शन को पहुंचे
2 min read
Google source verification
New CP Anupamsingh Gahlaut

अहमदाबाद शहर के नए पुलिस आयुक्त के रूप में कार्यभार संभालते अनुपम सिंह गहलोत।

Ahmedabad. शहर के नए पुलिस आयुक्त के रूप में अनुपम सिंह गहलोत ने शनिवार को पदभार और कार्यभार संभाल लिया। अब तक शहर पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी संभालने वाले मौजूदा पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) जी.एस.मलिक ने कार्यभार सौंपा। कार्यभार ग्रहण करने के बाद नए पुलिस आयुक्त ने नगरदेवी मां भद्रकाली के दर्शन किए।

1997 बैच के आइपीएस अधिकारी अनुपम सिंह गहलोत ने कार्यभार संभालने के बाद संवाददाताओं को बताया कि 16 जुलाई को शहर में निकलने वाली भगवान जगन्नाथ की 149वीं रथयात्रा पहली प्राथमिकता है। इसके साथ शहर जिस प्रकार से विकसित हो रहा है, उससे जुड़ी चुनौतियों को हल करने को वे प्राथमिकता देंगे। इस समय ट्रैफिक बड़ी चुनौती है। 2030 में शहर में कॉमनवेल्थ गेम्स (राष्ट्रमंडल खेल) होने वाले हैं। उससे पहले शहर में वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2029 में होंगे। उसे ध्यान में रखते हुए शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर रहे इस पर फोकस करेंगे।गहलोत ने कहा कि कोई भी व्यक्ति लोगों को परेशान करेगा तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नीति, नियमों की पालना करोगे तो फायदे में रहोगे। पुलिस थाने में ही लोगों के काम हों ऐसी व्यवस्था और सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। सालों से शहर में जो अच्छे कार्य हो रहे हैं और अभी भी जारी हैं, उन कार्यों और योजनाओं को आगे बढ़ाएंगे।शहर पुलिस आयुक्त का कार्यकाल रहा संतोषजनक

डीजीपी जी.एस.मलिक ने कहा कि तीन साल तक शहर पुलिस कमिश्नर रहा। जुलाई 2023 के अंत में सीपी की जिम्मेदारी संभाली थी। चंडोला तालाब ऑपरेशन व अन्य कई कार्रवाई की गई हैं। शहर में ट्रैफिक की समस्या चुनौती रही। सुभाष ब्रिज के दिसंबर 2025 में बंद होने से यह और बढ़ गई। अहमदाबाद पूर्व ट्रैफिक उपायुक्त नरेश कणजारिया ने पिराणा, नाना चिलोडा, हाटकेश्वर, एसजी हाइवे पर पेलेडियम मॉल के समीप रोड इंजीनियरिंग और बैरिकेडिंग व अन्य कदम उठाए उसका असर दिख रहा है।

जनभागीदारी से सीसीटीवी कैमरे लगवाए

मलिक ने कहा कि शहर में जनभागीदारी से सीसीटीवी कैमरे लगाने की पहल के चलते 24 हजार से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। तीन हजार से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की लाइव फुटेज थानों में मिल रही है और चार हजार सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड शहर पुलिस कंट्रोलरूम में आ रही है। यह अच्छी उपलब्धि है। मलिक ने कहा कि उनके कार्यकाल में खाडिया में फायरिंग करके लूट की वारदात की गई थी, वह बड़ी घटना थी, जिसे भी जोन-3 उपायुक्त व खाडिया पुलिस ने हाल ही में सुलझा लिया है।

गहलोत अनुभवी काबिल अधिकारी

मलिक ने कहा कि नए पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत काफी अनुभवी और काबिल अधिकारी हैं। वे राजकोट, वडोदरा और सूरत के पुलिस आयुक्त रह चुके हैं। उनसे यही अपेक्षा है कि वह काफी अच्छे से कार्य करेंगे। पुलिसिंग के प्रिवेंशन, डिटेक्शन, इन्वेस्टिगेशन और कानून एवं व्यवस्था को बरकरार रखने पर फोकस करेंगे।