
पिंटाराम को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए पीएम नरेंद्र मोदी (पत्रिका फोटो)
PM Narendra Modi and Constable Pintaram Garasia: बालोतरा: पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के बालोतरा स्थित पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन किया। इस खास मौके पर आयोजित भव्य समारोह में पीएम मोदी ने अलग-अलग विभागों में सरकारी नौकरी के लिए चुने गए पांच युवाओं को खुद अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान मंच पर कुछ बेहद दिलचस्प और भावुक पल देखने को मिले, जिसने वहां मौजूद हर व्यक्ति का दिल जीत लिया।
समारोह के दौरान जब नवचयनित पुलिस कांस्टेबल पिंटाराम गरासिया मंच पर नियुक्ति पत्र लेने पहुंचे, तो प्रधानमंत्री को सामने देखकर वे थोड़े घबरा गए। पिंटाराम हड़बड़ाहट में पत्र लेकर तुरंत वापस लौटने लगे। तभी पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए उनका हाथ पकड़कर रोक लिया। पीएम मोदी ने पिंटाराम की पीठ थपथपाई और हौसला बढ़ाते हुए कहा, क्यों भाग रहे हो? राजस्थान पुलिस के सिपाही हो, किसी से डरना नहीं है, भागना नहीं है। आगे भी इसी तरह मेहनत करते रहो।
पिंटाराम ने बताया कि उनके परिवार में यह पहली सरकारी नौकरी है। उनके पिता किसान हैं और बड़े भाई ने उनकी पढ़ाई में बहुत मदद की है। 12वीं पास करने के बाद ही उनका चयन पुलिस में हुआ है। पीएम के हाथों नियुक्ति पत्र पाना उनके जीवन का सबसे यादगार पल बन गया है।
एक अन्य वाकये में, भरतपुर की रहने वाली श्रुति गुप्ता को स्कूल लेक्चरर के पद का नियुक्ति पत्र मिला। जब पीएम मोदी ने उनसे पूछा कि वे कहां की रहने वाली हैं, तो श्रुति ने जैसे ही भरतपुर कहा, पास में खड़े सीएम भजनलाल शर्मा (जो खुद भरतपुर से ताल्लुक रखते हैं) मुस्कुरा दिए। श्रुति ने बताया कि वे अपने परिवार की पहली गजटेड अधिकारी बनी हैं। पीएम मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि वे अपनी सफलताओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।
श्रीगंगानगर की रहने वाली दीक्षा को सहायक कृषि अधिकारी के पद पर नियुक्ति पत्र मिला। दीक्षा ने एक दिलचस्प बात साझा करते हुए बताया कि उन्होंने इस परीक्षा को साल 2018 में दिया था, जिसका रिजल्ट साल 2025 में आया। लंबी प्रतीक्षा के बाद आखिरकार जून 2026 में उन्हें जॉइनिंग मिली। पीएम मोदी ने दीक्षा को बधाई दी और भविष्य में पूरी ईमानदारी से काम करने की सलाह दी।
मनोज कुमार: इन्हें सामान्य प्रशासन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का पत्र मिला। लवप्रीत सिंह (श्रीगंगानगर): इन्हें पंचायती राज विभाग में ग्राम विकास अधिकारी के पद का नियुक्ति पत्र सौंपा गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों नौकरी का पत्र पाकर सभी युवाओं और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। मंच पर पीएम मोदी का यह सहज और मददगार अंदाज सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा बटोर रहा है।
Updated on:
04 Jul 2026 10:08 pm
Published on:
04 Jul 2026 09:52 pm
