
Ahmedabad. शहर के पूर्वी इलाके में स्थित कृष्णनगर पुलिस थाना क्षेत्र में हत्या की वारदात सामने आई। ठक्करनगर-विराटनगर रोड पर वसंतनगर की झुग्गी के पास रंजिश के चलते गुरुवार रात एक युवक की धारदार हथियार (चाकू) से वार कर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में दोनों ही आरोपियों को पकड़ लिया।
मृतक युवक की पहचान भवानी चौक निवासी दिलीप उर्फ बकरा सोनकर (40) के रूप में हुई है। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू के वार लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से जख्मी होने के चलते उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार इस मामले में दो हमलावरों के नाम सामने आए हैं। इनमें भरत चुनारा और रोहित चुनारा शामिल हैं। इन दो आरोपियों ने मिलकर दिलीप सोनकर की हत्या को अंजाम दिया। दोनों ही वसंतनगर की झुग्गी में रहते हैं।पुलिस के अनुसार वर्ष 2018 में दिलीप के मित्र संदीप दिवाकर और कमलेश मराठी ने विजय चुनारा नाम के व्यक्ति की पिटाई की थी। इसकी रंजिश में 2020 में विजय चुनारा और उसके भाई भरत चुनारा ने दिलीप सोनकर के मित्र धर्मेश मराठी की हत्या कर दी थी। इस मामले में कृष्णनगर पुलिस की ओर से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा था। 21 मई 2026 को भरत चुनारा और अन्य आरोपियों को आजीवन कैद की सजा सुनाई गई। इस मामले में सजा निलंबित होने के चलते आरोपी भरत जेल से बाहर आया था। भरत ने पुरानी रंजिश के चलते उसके मित्र रोहित चुनारा के साथ मिलकर दिलीप सोनकर के साथ 27 जून की रात को झगड़ा किया और चाकू से वार कर दिलीप की हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही कृष्णनगर पुलिस का काफिला मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। स्थानीय पुलिस, जोन-5 की एलसीबी टीम ने चंद घंटों में ही मुख्य आरोपी भरत और उसके साथी रोहित को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि दोनों ही आरोपियों का आपराधिक इतिहास है।