
अहमदाबाद. गुजरात सरकार ने राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए एक अहम निर्णय करते हुए कर्मचारियों को दी जाने वाले ग्रेच्युटी की राशि सीमा को 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख रुपए कर दिया है।
स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन पर्व से पहले उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने बुधवार को संवाददाताओं को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सरकार के इस निर्णय का लाभ न सिर्फ सरकारी अधिकारी, कर्मचारियों को बल्कि बोर्ड और निगमों के कर्मचारियों को भी मिलेगा। सरकार ने गुजरात औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड (जीआईडीसी) एवं गुजरात ऊर्जा विकास एजेंसी (जेडा) की ओर से किए गए आवेदन को मान्य रखते हुए यह निर्णय किया है। इससे जीआईडीसी को अतिरिक्त दस करोड़ और जेडा को ८२ लाख रुपए का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
सरकार के अन्य सभी निगम, बोर्ड, कोर्पोरेशन के अधिकारी और कर्मचारियों को भी चरणबद्ध तरीके से इसका लाभ दिया जाएगा।
पेंशन एवं ग्रेच्युटी एक्ट के तहत भारत सरकार ने ग्रेच्युटी की मर्यादा को 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख किया है। इस निर्णय को गुजरात सरकार ने भी राज्य में लागू करने की घोषणा की है।