अहमदाबाद

Ahmedabad: विमान दुर्घटना में क्षतिग्रस्त अतुल्यम हॉस्टल की इमारतें तोड़कर नई बनाए जाएंगी

-हॉस्टल, कैंटीन को हुए नुकसान के एवज में मांगे गए 53.12 करोड़ टाटा एयरलाइंस ने चुकाने का दिया भरोसा, स्वास्थ्य राज्य मंत्री पानशेरिया ने की घोषणा
2 min read
Gujarat Health minister Praful pansheriya
गांधीनगर में बैठक करते स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया।

Ahmedabad. शहर के मेघाणीनगर इलाके में 12 जून 2025 को एयर इंडिया के विमान के क्रैश होकर न्यू मैंटल कैंपस में स्थित सिविल हॉस्पिटल के अतुल्यम होस्टल की इमारतों, कैंटीन पर गिरने के चलते अतुल्यम होस्टल की एक से लेकर 4 नंबर की इमारत बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थीं। इन इमारतों के कराए गए स्ट्रक्चरल ऑडिट में इन्हें रहने के लिए भयग्रस्त घोषित किया गया। कैंटीन इमारत को भी नुकसान हुआ। ऐसे में इन इमारतों को तोड़कर नए सिरे से यहां पर होस्टल की इमारतें बनाई जाएंगी।

स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि विमान दुर्घटना में न्यू मेंटल कैंपस स्थित सिविल हॉस्पिटल चिकित्सकों के होस्टल ‘अतुल्यम 1 से 4 ब्लॉक’ को हुए नुकसान के एवज में राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने टाटा एयरलाइंस से 53.12 करोड़ रुपए की मांग की गई थी। इसमें सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए टाटा एयरलाइंस ने आगामी समय में विभाग को 53.12 करोड़ रुपए की पूरी राशि चुकाने का आश्वासन दिया है।

पानशेरिया ने कहा कि गत वर्ष 12 जून को मेघाणीनगर इलाके में हुई विमान दुर्घटना के कारण स्वास्थ्य विभाग के अधीन ‘अतुल्यम 1 से 4’ ब्लॉक के साथ कैंटीन और सब-स्टेशन बिल्डिंग को भी भारी नुकसान हुआ था। दुर्घटना के समय हॉस्टल में 92 विद्यार्थी रह रहे थे। विमान दुर्घटना के बाद किए गए स्ट्रक्चरल ऑडिट में इन बिल्डिंग को रहने के लिए असुरक्षित घोषित किए जाने के कारण उन्हें तोड़ना मजबूरी बनी है। ऐसे में विद्यार्थियों की रहने की सुविधा बाधित न हो उसके लिए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने तत्काल नया हॉस्टल बनाने का निर्णय किया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में 51.84 करोड़ रुपए की राशि के मुकाबले 34.65 करोड़ मंजूर कर दिए हैं।

भूतल के ऊपर आठ मंजिला होस्टल इमारत बनेगी

पानशेरिया ने बताया कि नए न्यू मेंटल कैंपस में डॉक्टरों के लिए 105 करोड़ की लागत से नया सुपर स्पेशियलिटी मैरिड पीजी हॉस्टल बनाया जाएगा। मेडिकल क्षेत्र में सुपर स्पेशियलिटी की नई 48 सीटों की वृद्धि को ध्यान में रखते हुए आगामी तीन वर्षों के लिए कुल 144 विद्यार्थियों सहित कुल 236 सुपर स्पेशियलिटी मैरिड पीजी डॉक्टरों के रहने की सुविधा सुनिश्चित करते हुए नए एक से लेकर सात पीजी ब्लॉक बनाए जाएंगे। इसके एक कैंटीन ब्लॉक और नया सब-स्टेशन बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के लिए राज्य सरकार द्वारा पर्याप्त जमीन आवंटित कर दी गई है। अतुल्यम हॉस्टल की नव नियोजित संरचना में ‘अतुल्यम 1 से 7’ पीजी हॉस्टल बनेंगे। उसमें ग्राउंड फ्लोर और उसके ऊपर 8 मंजिल होगी। यहां 236 सुपर स्पेशलिटी मैरिड पीजी डॉक्टरों के रहने की व्यवस्था होगी। प्रत्येक फ्लैट को स्टूडियो अपार्टमेंट शैली में बनाया जाएगा। एक लिविंग रूम-अटैच किचन, एक बेडरूम और टॉयलेट की सुविधा होगी। फायर फाइटिंग सिस्टम, आरओ प्लांट और ड्रेनेज व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। कैंपस में पार्किंग के लिए विशाल बेसमेंट, अविवाहित पीजी विद्यार्थियों के लिए अलग आवास, मेस, जिम, रिक्रिएशन रूम बनाए जाएंगे।

Updated on:
26 May 2026 10:29 pm
Published on:
26 May 2026 10:29 pm