अहमदाबाद

राष्ट्रपति ने वर्ल्ड हेरिटेज साइट धोलावीरा देखा

5 हजार वर्ष पुरानी हड़प्पा की प्राचीन नगर रचना व जल संरक्षण की जानकारी प्राप्त कर हुईं अभिभूत

less than 1 minute read
Feature image
5 हजार वर्ष पुरानी हड़प्पा की प्राचीन नगर रचना व जल संरक्षण की जानकारी प्राप्त कर हुईं अभिभूत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु (President Droupadi Murmu) ने शनिवार को कच्छ जिले में स्थित यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज साइट धोलावीरा (Dholavira) का दौरा किया। गुजरात दौरे (Gujarat visit) के चौथे व अंतिम दिन वे खदीर बेट स्थित पांच हजार वर्ष पुरानी हड़प्पा के महानगर धोलावीरा पहुंचीं। वे इसकी प्राचीन नगर रचना, सभ्यता व जल संरक्षण सहित अन्य जानकारी प्राप्त कर अभिभूत हो गईं। यहां उन्होंने प्राचीन मानव सभ्यता के चरणबद्ध विकास के साथ श्रेष्ठ नगर योजना के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

हड़प्पा संस्कृति के बारे में जानकारी प्राप्त की

उन्होंने इस दौरान हड़प्पा संस्कृति, रहन-सहन, महानगर में जल संग्रह व निकास की अ्दभुत व्यवस्था सहित विशाल दीवार के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर प्राचीन मोती बनाने की फैक्ट्री, सुनियोजित सी़ढ़ीदार वाव, अपर टाउन, मिडल टाउन व लोअर टाउन भी देखा। राष्ट्रपति के समक्ष भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की ओर से धोलावीरा साइट के उत्खनन के दौरान प्राप्त विभिन्न वस्तुएं, मिट्टी के बर्तनों, अवशेषों, तांबे की विविध वस्तुएं, तौल माप की वस्तुएं, पत्थर के आभूषणों का निदर्शन किया गया। उन्होंने इस विश्व विरासत स्थल के परिसर में पौधारोपण भी किया।

गुजरात दौरा पूरा कर नई दिल्ली के लिए रवाना

इस अवसर पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत, कच्छ के प्रभारी मंत्री प्रफुल पानशेरिया, कच्छ जिला कलक्टर अमित अरोडा, पूर्व कच्छ एसपी सागर बागमार, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के महानिदेशक यदुबीर सिंह रावत , एएसआई के राजकोट सर्कल के अधीक्षक गुंजन श्रीवास्तव सहित अन्य उपस्थित थे।इसके बाद राष्ट्रपति भुज एयरफोर्स स्टेशन पहुंची। यहां पर मुर्मु को भावभीनी विदाई दी गई। इस तरह राष्ट्रपति अपने चार दिवसीय गुजरात दौरा पूरा कर नई दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।

Published on:
01 Mar 2025 09:30 pm