अहमदाबाद

दक्षिण गुजरात-सौराष्ट्र में मेहरबान मानसून, कच्छ-उत्तर गुजरात में अभी भी इंतजार

क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार सौराष्ट्र में अब तक औसत करीब 7 इंच यानी 23.33 प्रतिशत तथा दक्षिण गुजरात में करीब 12.6 इंच यानी 20.83 प्रतिशत बारिश हो चुकी है। इसके विपरीत पूर्व-मध्य गुजरात में केवल 12.35 प्रतिशत, उत्तर गुजरात में 10.42 प्रतिशत और कच्छ में महज 0.42 प्रतिशत वर्षा दर्ज हुई है। कच्छ में अब तक औसतन केवल करीब 0.08 इंच ही औसत बारिश होना मानसून की कमजोर स्थिति को दर्शाता है।
2 min read
Gujarat Rain News
शेत्रुंजी बांध हुआ लबालब।

Ahmedabad : प्रदेश के दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है वहीं कच्छ और उत्तर गुजरात को अभी भी बारिश का इंतजार है।पूरी लय में बारिश का इंतजार है। राज्य में अब तक 17.26 प्रतिशत बारिश दर्ज हुई है। राज्य में औसतन करीब 6.2 इंच वर्षा हुई है।

सोमवार सुबह पूरे हुए 24 घंटों में राज्य के 32 जिलों की 164 तहसीलों में वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा अमरेली जिले के राजुला में 10.8 इंच दर्ज की गई। धारी, खांभा, बगासरा, जाफराबाद तथा दक्षिण गुजरात के कई हिस्सों में भी अच्छी वर्षा हुई। पूरे मानसून में अब तक सौराष्ट्र के जूनागढ़, गिर सोमनाथ, अमरेली, भावनगर और राजकोट जिलों में मानसून पूरी तरह मेहरबान दिखा।

दक्षिण गुजरात के सूरत, नवसारी, डांग, वलसाड और तापी जिलों में भी कई स्थानों पर अच्छी वर्षा से जलस्रोतों में आवक बढ़ी है।दूसरी ओर कच्छ जिले की अबडासा, भचाऊ, लखपत, मांडवी, मुंद्रा, नखत्राणा के अलावा देवभूमि द्वारका तहसील की द्वारका और कल्याणपुर जैसी तहसीलों में अब तक बिल्कुल बारिश नहीं हुई है। उत्तर गुजरात के बनासकांठा, साबरकांठा और गांधीनगर जिलों में कई हिस्सों में भी मानसून की अपेक्षित गति नहीं रही।

मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि जुलाई के पहले सप्ताह में बारिश की गतिविधियां तेज हुई हैं, लेकिन राज्यव्यापी औसत अभी भी सामान्य से काफी नीचे है। आने वाले दिनों में दक्षिण और सौराष्ट्र में अच्छी वर्षा का सिलसिला जारी रहने तथा उत्तर गुजरात और कच्छ में भी मानसून के सक्रिय होने की उम्मीद जताई जा रही है।

यहां सबसे ज्यादा बरसे मेघ

जिला - तहसील - अब तक बारिश (इंच) - औसत का %

जूनागढ़ - मांगरोल - 40.2 - 104.72

जूनागढ़ - केशोद - 29.4 - 74.75

जूनागढ़ - मालिया हटीना - 31.0 - 69.34

अमरेली - राजुला - 20.0 - 67.96

गिर सोमनाथ - सूत्रापाड़ा - 24.3 - 59.48

अमरेली - खांभा - 15.5 - 56.77

गिर सोमनाथ - पाटण-वेरावल - 22.6 - 56.11

अमरेली - धारी - 11.3 - 45.32%

अमरेली - सावरकुंडला - 12.3 - 44.08

जूनागढ़ - मेंदरडा - 18.4 - 43.89

सौ फीसदी भरा शेत्रुंजी बांध

गुजरात में सक्रिय मानसून के बीच जलाशयों में पानी का स्तर बढ़ रहा है। लगातार हो रही बारिश के चलते सोमवार शाम तक भावनगर जिले का शेत्रुंजी बांध 100 फीसदी भर गया। इसके बाद प्रशासन ने पालीताणा और तलाजा तहसीलों के निचले इलाकों के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया।

वहीं राज्य सरकार के ताजा आंकड़ों में बताया गया है कि गुजरात में अब दो बांध पूरी तरह भर चुके हैं, जबकि 206 जलाशयों में कुल जल भंडारण क्षमता का 38.68 प्रतिशत पानी संग्रहित हो चुका है।पिछले कई दिनों से अमरेली और भावनगर जिलों के साथ-साथ पालीताणा और तलाजा क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश से शेत्रुंजी बांध में पानी की आवक लगातार बढ़ रही थी। बांध के पूरी तरह भरने के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पालीताणा तहसील के नानी राजस्थली, लापालिया, लाखावाड़, मायधार और मेढ़ा गांवों तथा तलाजा तहसील के भेगाली, दात्राड़, पिंगली, टीमाणा, सेवालिया, रोयल, माखणिया, गोरखी, लिलीवाव, तरसरा और सरतानपर गांवों के लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।

सोमवार शाम 4 बजे तक की स्थिति के अनुसार, गुजरात के 206 जलाशयों में 2,15,781 एमसीएफटी पानी का संग्रह है, जो कुल क्षमता का 38.68 प्रतिशत है। वहीं सरदार सरोवर (नर्मदा) बांध 64.74 प्रतिशत भर चुका है। राज्य में 19 बांध 70 से 100 प्रतिशत, 19 बांध 50 से 70 प्रतिशत, 51 बांध 25 से 50 प्रतिशत तथा 115 बांध 25 प्रतिशत से कम भरे हुए हैं। इसके अलावा 5 बांध हाई अलर्ट, 3 बांध अलर्ट और 9 बांध वार्निंग श्रेणी में हैं।

Updated on:
06 Jul 2026 10:12 pm
Published on:
06 Jul 2026 10:12 pm