
Ahmedabad: गुजरात में इस मानसून की आधी से ज्यादा बरसात हो चुकी है। राज्य में औसतन 55.22 प्रतिशत बारिश के बीच देवभूमि द्वारका जिले में सिर्फ 4 फीसदी पानी बरसा है। इस बार कुछ जगह पर बादलों ने सामान्य से अधिक बरसात कर दी है वहीं कुछ जिलों में स्थिति अभी भी अच्छी नहीं है। स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (एसईओसी) के आंकड़े बताते हैं कि राज्य की 14 तहसीलों में सामान्य से 100 प्रतिशत या उससे अधिक बारिश हो चुकी है, जबकि देवभूमि द्वारका की द्वारका तहसील में मात्र 1.37 प्रतिशत और कल्याणपुर तहसील में 1.86 प्रतिशत बारिश दर्ज हुई है।
यही नहीं, पूरे देवभूमि द्वारका जिले में अब तक केवल 4.19 प्रतिशत औसत वर्षा हुई है, जो राज्य में सबसे कम है।एसईओसी के मुताबिक बरसात के मामले में दक्षिण गुजरात सबसे आगे है, जहां अब तक औसतन 78.49 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है। मध्य गुजरात में 47.86 प्रतिशत, सौराष्ट्र में 43.98, उत्तर गुजरात में 42.18 और कच्छ में 19.05 प्रतिशत पानी बरसा है।
राज्य में 100 फीसदी से ज्यादा बारिश वाली तहसीलों में सर्वाधिक 8 दक्षिण गुजरात की हैं। इनमें सबसे अधिक वलसाड जिले की उमरगाम तहसील में 127 प्रतिशत वर्षा दर्ज की गई। सूरत जिले की पलसाणा तहसील में 119.64, खेड़ा जिले की मेहमदाबाद तहसील में 115.35, नवसारी जिले की चीखली तहसील में 114.76 ,सूरत जिले की अंबिका तहसील में 112.52, नवसारी जिले की खेरगाम तहसील में 110.85 प्रतिशत, पाटण जिले की सांतलपुर तहसील में 110.81, जूनागढ़ जिले की मांगरोल तहसील में 107.59 फीसदी वर्षा दर्ज की गई।
साथ ही खेड़ा जिले की नडियाद तहसील में 105.30, सूरत जिले की कामरेज तहसील में 104.63, महेसाणा जिले की कड़ी तहसील में 102, अहमदाबाद जिले की वीरमगाम तहसील में 101.82, वलसाड जिले की वलसाड तहसील में 100.66 तथा इसी जिले की पारडी तहसील में 100.54 फीसदी बारिश रिकॉर्ड की गई।
सबसे कम बारिश देवभूमि द्वारका जिले में दर्ज की गई है। जिले की द्वारका तहसील में अब तक सामान्य का महज 1.37 प्रतिशत तथा कल्याणपुर तहसील में 1.86 प्रतिशत बारिश हुई है। इसी जिले की भाणवड तहसील में 6.20 और खंभालिया तहसील में 6.81 फीसदी वर्षा दर्ज की गई। कच्छ जिले की अबडासा तहसील में 7 प्रतिशत, पोरबंदर जिले की पोरबंदर तहसील में 7.47, कच्छ जिले की मुंद्रा तहसील में 9.71, अंजार में 9.98 तथा पोरबंदर जिले की राणावाव तहसील में 10.75 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है।
जिला -सामान्य के मुकाबले बारिश (%)
देवभूमि द्वारका -4.19
पोरबंदर -15.88-
कच्छ- 19.05
जामनगर -21.19
छोटा उदेपुर -25.00