
अहमदाबाद/राजकोट. राजस्थान भाजपा के कुछ विधायकों को गुजरात में किसी अज्ञात स्थल पर रखा गया है। शनिवार देर रात ये विधायक पोरबंदर होते हुए सोमनाथ पहुंचे थे। करीब छह विधायकों ने सोमनाथ मंदिर में दर्शन भी किए थे। यहां पर सोमनाथ गेस्ट हाउस में इन विधायकों के लिए करीब पांच रूम भी बुक कराए गए थे, लेकिन इन सभी विधायकों को शनिवार देर रात ही किसी अन्य अज्ञात स्थान पर भेज दिया गया। रविवार सुबह सोमनाथ गेस्ट हाउस में विधायकों के नहीं होने की जानकारी दी गई।
सूत्रों के मुताबिक इन विधायकों को सासण-गिर के पास किसी रिसोर्ट में रखा गया है। सभी विधायकों के पास मोबाइल फोन थे। मोबाइल पर लगातार फोन ाने की वजह से उन्हें दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है। इन सभी भाजपा विधायकों को 11 अगस्त को जयपुर बुलाया गया है जहां नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया ने विधायक दल की बैठक बुलाई है। इसलिए इन्हें मंगलवार तक जयपुर पहुंचना होगा।