राजकोट मनपा के टाउन प्लानिंग विभाग की टीम ने मंगलवार को भीमनगर चौक के पास वर्षों से अतिक्रमण के कारण बंद पड़े 200 मीटर लंबे टीपी रोड से 33 अवैध निर्माण हटाकर रास्ता खुलवाया।जानकारी के अनुसार, भीमनगर के पास टाउन प्लानिंग स्कीम के तहत बने 200 मीटर लंबे महत्वपूर्ण रोड पर लंबे समय से कच्चे-पक्के मकान और दुकानें बनी हुई थीं। इन अवैध निर्माणों के कारण सड़क बेहद संकरी हो गई थी, जिससे स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों को भारी ट्रैफिक समस्या का सामना करना पड़ रहा था।
राजकोट. राजकोट मनपा के टाउन प्लानिंग विभाग की टीम ने मंगलवार को भीमनगर चौक के पास वर्षों से अतिक्रमण के कारण बंद पड़े 200 मीटर लंबे टीपी रोड से 33 अवैध निर्माण हटाकर रास्ता खुलवाया।
जानकारी के अनुसार, भीमनगर के पास टाउन प्लानिंग स्कीम के तहत बने 200 मीटर लंबे महत्वपूर्ण रोड पर लंबे समय से कच्चे-पक्के मकान और दुकानें बनी हुई थीं। इन अवैध निर्माणों के कारण सड़क बेहद संकरी हो गई थी, जिससे स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों को भारी ट्रैफिक समस्या का सामना करना पड़ रहा था।
मनपा आयुक्त तुषार सुमेरा के सख्त निर्देश के बाद मंगलवार सुबह से ही टाउन प्लानिंग विभाग की टीम बुलडोजर और मशीनों के साथ भीमनगर पहुंची। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस, विजिलेंस शाखा और फायर विभाग की टीमों को कड़े बंदोबस्त के साथ तैनात किया गया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने आवासीय और व्यावसायिक उपयोग के लिए किए गए 33 अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया गया। सड़क पर कई ऐसे अतिक्रमण भी थे, जहां खुलेआम नॉनवेज का कारोबार किया जा रहा था। इस गतिविधि से आसपास के लोग लंबे समय से नाराज थे। कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
टाउन प्लानिंग ऑफिसर (टीपीओ) आर.डी. परमार ने बताया कि राजकोट को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से भीमनगर क्षेत्र में 200 मीटर लंबी सड़क खुलवाई। आने वाले समय में इस सड़क को चौड़ा और आधुनिक बनाने की योजना है। इस सड़क के खुलने से केवल भीमनगर ही नहीं, बल्कि नानामवा और मोटामवा क्षेत्रों में रहने वाले हजारों लोगों को फायदा होगा। इन प्रमुख इलाकों में ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा और यातायात सुगम बनेगा। भीमनगर में कार्रवाई के बाद अब अन्य क्षेत्रों में भी सर्वे शुरू किया गया है।