
अहमदाबाद. साध्वी अणिमा के चातुर्मास 2026 की संपन्नता के उपलक्ष्य में श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा अहमदाबाद द्वारा भावपूर्ण मंगल भावना समारोह का आयोजन किया गया।
सभा अध्यक्ष राकेश सिपानी ने मंगलकामना वक्तव्य में चातुर्मास को अहमदाबाद के आध्यात्मिक इतिहास का एक अविस्मरणीय एवं ऐतिहासिक अध्याय बताते हुए साध्वी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
सिपानी ने चातुर्मास के दौरान हुई आध्यात्मिक गतिविधियों एवं धार्मिक जागरण की सराहना करते हुए आगामी मर्यादा महोत्सव भी अहमदाबाद में ही करने के लिए साध्वी से तसभा की ओर से भावपूर्ण निवेदन किया।
सभा के उपाध्यक्ष विकास पितलिया ने चातुर्मास की उपलब्धियों, उल्लेखनीय गतिविधियों एवं आध्यात्मिक प्रभावों को भावपूर्ण व्यक्त किया। उन्होंने गद्य और पद्य के समन्वय के माध्यम से साध्वी के प्रवास को समाज के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा, संस्कार चेतना एवं संघीय एकता का प्रेरणास्रोत बताया।
तेरापंथ युवक परिषद अहमदाबाद के मंत्री हैप्पी भरसारिया, तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्ष सुशीला खतंग, तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम के अध्यक्ष अरविंद सालेचा, सभा के निवर्तमान अध्यक्ष अर्जुनलाल बाफना आदि पदाधिकारियों ने साध्वी के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।
तेरापंथ समाज के प्रधान ट्रस्टी सज्जनलाल सिंघवी, अणुव्रत समिति अहमदाबाद के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश धींग, हृदयरोग विशेषज्ञ डॉ. धवल दोषी सहित श्रावक-श्राविकाओं ने स्वीकार किया कि साध्वी के सान्निध्य में संपन्न चातुर्मास आध्यात्मिक जागरण, चारित्रिक निर्माण, ज्ञानवर्धन एवं सामाजिक चेतना का सशक्त अभियान रहा।
साध्वी अणिमा ने कहा कि चातुर्मास की स्मृतियां एवं उससे प्राप्त प्रेरणाएं लंबे समय तक समाज का मार्गदर्शन करती रहेंगी। उन्होंने चातुर्मास के दौरान प्राप्त सहयोग, श्रद्धा एवं सामूहिक सहभागिता को आध्यात्मिक उपलब्धि का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए सभी को धर्म, संयम, सद्भाव एवं संघनिष्ठा के पथ पर निरंतर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया। सभा की सक्रियता, समर्पण एवं व्यवस्थागत सहयोग की सराहना करते हुए उन्होंने विशेष रूप से संत-साध्वियों की चिकित्सा एवं सेवा व्यवस्था के लिए सभा द्वारा किए गए प्रयासों पर आत्मसंतोष व्यक्त किया।
सभा के मंत्री नरेंद्र मांडोतर ने बताया कि चातुर्मास की आध्यात्मिक सुगंध एवं प्रेरणादायी स्मृतियां अहमदाबाद के तेरापंथ समाज के मानस पटल पर सदैव अंकित रहेंगी।