अहमदाबाद

कटोसण रोड-रणुज रेलखंड पर सीआरएस ने किया संरक्षा निरीक्षण

मेहसाणा. पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के कटोसण रोड-रणुज के बीच 63 किलोमीटर लंबे रेलखंड का पश्चिम सर्कल के रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) की ओर से गुरुवार को संरक्षा निरीक्षण किया गया। शुक्रवार को भी मोटर ट्रॉली द्वारा रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा। 11 जुलाई को 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से इंजन स्पीड ट्रायल किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान रेलखंड पर उच्च गति से ट्रेन का संचालन किया जाएगा।
2 min read
CRS Conducts Safety Inspection on Katosan Road-Ranuj Rail Section
कटोसण रोड-रणुज रेलखंड पर मोटर ट्रॉली द्वारा संरक्षा निरीक्षण करते सीआरएस ई. श्रीनिवास व अधिकारी।

कल 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से इंजन स्पीड ट्रायल, उच्च गति से ट्रेन का संचालन भी

मेहसाणा. पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के कटोसण रोड-रणुज के बीच 63 किलोमीटर लंबे रेलखंड का पश्चिम सर्कल के रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) की ओर से गुरुवार को संरक्षा निरीक्षण किया गया।
शुक्रवार को भी मोटर ट्रॉली द्वारा रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा। 11 जुलाई को 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से इंजन स्पीड ट्रायल किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान रेलखंड पर उच्च गति से ट्रेन का संचालन किया जाएगा।
निरीक्षण टीम में सीआरएस ई. श्रीनिवास, मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) प्रदीप गुप्ता, गुजरात रेल अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड के निदेशक राजकुमार, महा प्रबंधक (सिविल) शिवेन्द्र कुमार, मुख्य ट्रैक इंजीनियर, मुख्य परिचालन प्रबंधक तथा निर्माण एवं ओपन लाइन विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
1 हजार करोड़ रुपए के खर्च से पूरे हुए गेज परिवर्तन के बाद सीआरएस द्वारा इस परिवर्तित ब्रॉडगेज रेलखंड को यात्री यातायात के लिए स्वीकृति प्रदान की जाएगी। इससे पूर्व ट्रैक की गुणवत्ता, सिग्नलिंग व्यवस्था, पुलों, ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) प्रणाली, इंटरलॉकिंग, ट्रैक फिटिंग, बैलास्ट, ओएचई की ऊंचाई सहित सभी संरक्षा मानकों का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा।

उत्तर गुजरात में रेल कनेक्टिविटी होगी मजबूत

मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने बताया कि वर्तमान में इस रेलखंड पर केवल मालगाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। सीआरएस निरीक्षण पूर्ण होने के बाद इस मार्ग पर यात्री रेल सेवाएं प्रारंभ करने का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे क्षेत्र के यात्रियों को तेज, सुरक्षित एवं सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध होगी तथा उत्तर गुजरात के ग्रामीण एवं औद्योगिक क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

बेहतर एवं किफायती आवागमन सुविधा मिलेगी

उन्होंने बताया कि इस रेलखंड के तहत बेचराजी, खांभेल एवं चाणसमा सहित 14 स्टेशन हैं, जो महेसाणा एवं पाटण जिलों के प्रमुख केंद्र हैं। यात्री रेल सेवाएं प्रारंभ होने से स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों तथा व्यापारियों को बेहतर एवं किफायती आवागमन सुविधा प्राप्त होगी।

बेचराजी मंदिर में दर्शन करने वालों को मिलेगा लाभ

साथ ही, देश के विभिन्न क्षेत्रों से प्रसिद्ध बेचराजी मंदिर में दर्शन करने एवं मेले में भाग लेने आने वाले श्रद्धालुओं को भी इसका विशेष लाभ मिलेगा। किसानों को अपने कृषि उत्पाद बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, साथ ही प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

Updated on:
09 Jul 2026 10:11 pm
Published on:
09 Jul 2026 10:11 pm