Suspected hooch tragedy in Gujarat, 7 death -25 से ज्यादा लोग विभिन्न अस्पतालों में भर्ती, दो लोग हिरासत में, जांच में जुटी एटीएस, रेंज आईजी, एसपी ने लिया स्थिति का जायजा, पुलिस उपाधीक्षक की अध्यक्षता में एसआईटी गठित, एफएसएल, मेडिकल की टीमें पहुंचीं, पीएम रिपोर्ट का इंतजार
Ahmedabad/Rajkot. शराबबंदी वाले गुजरात राज्य में एक बार फिर जहरीली शराब कांड होने की आशंका जताई जा रही है। शराब पीने के चलते तबियत बिगडऩे पर राज्य के अहमदाबाद और बोटाद जिले में 7 लोगों की मौत हो गई जबकि 25 से ज्यादा लोग विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराए गए हैं। मृतकों में चार Ahmedabad जिले जबकि तीन Botad जिले के हैं। हालांकि धंधुका के विधायक Rajesh Gohil ने इस घटना में 10 से ज्यादा लोगों की मौत की आशंका जताई है। शराब जहरीली होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक रूप से अब तक पुष्टि नहीं हुई है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही पुलिस उपाधीक्षक की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन किया गया है। मामले की जांच में Gujarat आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) की टीम भी जुट गई है।
अहमदाबाद जिला कलक्टर संदीप सागले ने बताया है कि कथित जहरीली शराब पीने से जिले में 4 लोगों की मौत हुई है जबकि अन्य 4 लोग अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं बोटाद जिला कलक्टर बी ए शाह ने बताया कि कथित जहरीली शराब पीने से जिले में तीन लोगों की मौत हुई है जबकि करीब 15 लोग उपचाराधीन हैं। धंधुका के विधायक राजेश गोहिल ने बताया कि अहमदाबाद जिले की धंधुका तहसील के आकडू, ऊंचडी, अणियाळी व अन्य गांवों और बोटाद जिले की बरवाला तहसील के रोजिद गांव में जहरीली शराब पीने के चलते 10 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। 25 से ज्यादा लोगों की हालत बिगड़ी है। इन लोगों को बोटाद और धंधुका के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गोहिल ने आरोप लगाया कि मार्च महीने से इस मामले में बरवाला के पीएसआई और एसपी से लिखित में और मौखिक रूप से शिकायत की जा चुकी है। उसके बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। यदि सही समय पर कदम उठाए गए होते तो यह घटना नहीं होती।