अहमदाबाद

पहले इंस्टाग्राम पर लिखा- काश मैं मॉन्स्टर होती! फिर महिला कॉन्स्टेबल-सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर की घर में हो गई संदिग्ध मौत

Gujarat Crime News: गांधीनगर में 28 वर्षीय महिला कॉन्स्टेबल की घर में संदिग्ध मौत हो गई। नाइट ड्यूटी से लौटने के बाद हुई इस घटना की जांच में पुलिस जुटी है, वहीं परिजनों ने पूर्व पति पर दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
2 min read
Jhanvi Dabhi
मृतका जान्हवी। फाइल फोटो (इंस्टा- jahanvi4800)

गांधीनगर। गुजरात के गांधीनगर में 28 वर्षीय महिला कॉन्स्टेबल की घर में संदिग्ध मौत हो गई। मृतका की पहचान जान्हवी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से अहमदाबाद की रहने वाली थीं और अहमदाबाद के शाहीबाग पुलिस हेडक्वार्टर में लोक रक्षक कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात थीं। संदिग्ध मौत से पहले जान्हवी ने इंस्टाग्राम पर अपनी फोटो के साथ ‘I WISH I WAS MONSTER, YOU THINK I AM’ लिखा पोस्ट किया था। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 25 हजार से अधिक फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं।

रात की ड्यूटी के बाद घर पहुंची थीं

जान्हवी गांधीनगर के सेक्टर-3डी इलाके में किराए के मकान में रहती थीं। वह अपनी नाइट ड्यूटी पूरी करने के बाद घर लौटी थीं। देर रात तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिवार के लोगों को शक हुआ। उन्होंने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा खोला गया तो जान्हवी कमरे में मृत मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सेक्टर-7 पुलिस ने मामले में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वजह अभी साफ नहीं

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि जान्हवी का पहले तलाक हो चुका था। पुलिस परिवार के सदस्यों, दोस्तों और उनके साथ काम करने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार जान्हवी किराए के मकान में रहती थीं। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि उनकी मां ने दूसरी शादी कर ली थी। पुलिस के अनुसार शव डीकम्पोज हालत में मिला है। ऐसे में आशंका है कि मौत करीब डेढ़ से दो दिन पहले हुई होगी। मामले की जांच में एफएसएल की मदद ली जा रही है।

रिश्तेदार ने लगाए आरोप

एक रिश्तेदार ने आरोप लगाया कि जान्हवी पर मां और पूर्व पति की ओर से पैसों को लेकर दबाव दिया जा रहा था। नीताबेन का कहना है कि जान्हवी के पिता की 2013 मौत हो गई थी। इसके बाद वह अपनी मां से नाराज रहने लगी। नीताबेन के मुताबिक जान्हवी ने उनसे कहा था कि उसने अपनी मेहनत से पुलिस की नौकरी हासिल की है और उसकी नौकरी पर किसी का अधिकार नहीं है।

पूर्व पति पर फोन कर परेशान करने का आरोप

नीताबेन ने यह भी आरोप लगाया कि तलाक के बाद भी जान्हवी का पूर्व पति उसे फोन करता था और पैसे देने के लिए दबाव बनाता था। उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी के आसपास जान्हवी से मुलाकात हुई थी। इस दौरान उसने पूर्व पति के लगातार संपर्क करने की बात कही थी। उन्होंने उसे ऐसे फोन को नजरअंदाज करने की सलाह दी थी। नीताबेन का आरोप है कि पूर्व पति के दबाव के कारण ही जान्हवी ने यह कदम उठाया। उन्होंने पुलिस से मामले की पूरी जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।

Updated on:
15 Sept 2026 06:18 pm
Published on:
15 Sept 2026 06:16 pm