अहमदाबाद

एक ही दिन में तीन की हत्या

अमराईवाड़ी में मकान मालकिन की हत्या, किराएदार महिला पर आरोप, सोला में रेलवे पटरी के समीप मिला युवक का शव, बापूनगर में हीरा घिसने के मामले में कारीगर की हत्या

2 min read
एक ही दिन में तीन की हत्या

अहमदाबाद. शहर में एक ही दिन में हत्या की तीन घटनाएं सामने आई हैं। अमराईवाड़ी में जहां बुजुर्ग मकान मालकिन महिला का शव उनके घर से मिला। इसमें किराएदार महिला पर ही आरोप लगा है, जबकि दूसरी ओर सोला थाना इलाके में रेलवे पटरी के समीप से युवक का शव बरामद हुआ है। शरीर पर तीक्ष्ण हथियार से वार के निशान हैं, जिससे हत्या की शंका है। वहीं तीसरी घटना बापूनगर इलाके में हुई है। जहां हीरा घिसने के मामले में कहासुनी के बाद एक कारीगर की हत्या कर दी गई। एक ही दिन में तीन लोगों की हत्या की घटना के चलते शहर पुलिस के सुरक्षा व्यवस्था, रात्रि गश्त के दावों पर सवाल उठने लगा है।

चार दिनों से लापता ही वृद्धा
अमराईवाड़ी पुलिस के अनुसार मंगलवार की रात को महालक्ष्मी अपार्टमेंट में हंसाबेन के मकान से उनकी मां शांताबेन वेगड़ा (६५) का शव विकृत अवस्था में मिला। शरीर झुलसी हुई अवस्था में था, जिससे किसी ने उन पर ज्वलनशील पदार्थ से हमला किया हो। वह चार दिन पहले अपने पुत्र के घर से उनकी पुत्री हंसाबेन के महालक्ष्मी अपार्टमेंट स्थित घर पर मकान का किराया लेने पहुंची थीं। हंसाबेन ने यह मकान लीलाबेन परमार को किराए पर दिया हुआ था। लेकिन चार दिनों से यह मकान भी बंद था। घर से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने स्थानीय पार्षद को बुलाकर पुलिस को बुलाकर मकान का ताला तोड़ा तो अंदर बाथरूम से शांताबेन का शव मिला। किराएदार लीलाबेन गायब रहने से उन पर शंका है। पुलिस को शंका है कि किराया लेने आने के दौरान उनकी लीलाबेन से कहासुनी हुई होगी इसी दौरान उनकी हत्या कर दी गई और शव को घर के बाथरूम में रखकर वह फरार हो गई। पुलिस ने इस मामले में हत्या का मामला दर्ज कर लीलाबेन की तलाश शुरू की है।

बापूनगर में मित्र पर हत्या का आरोप
अहमदाबाद. बापूनगर के लीलानगर में बुधवार को एक युवक की हत्या कर दी गई। हीरा घिसने को लेकर दो मित्रों में कहासुनी हुई थी। जिसके बाद हुए झगड़े और मारपीट में मुकेश पटणी नाम के युवक की हत्या कर दी गई। इस मामले में बापूनगर पुलिस की ओर से फिलहाल एक युवक को हिरासत में लिया है।

रेलवे ट्रेक के समीप मिला युवक का शव
अहमदाबाद. शहर के सोला इलाके में बुधवार को एक युवक का रेलवे ट्रैक के समीप खेत में शव मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सोला पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। शव के गले में तीक्ष्ण हथियार से वार के निशान मिले हैं, जिससे उसकी हत्या किए जाने की आशंका है। मृतक युवक की शिनाख्त चांदलोडिया निवासी दिलीप पंचाल (४१) के रूप में की गई है। हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि दिलीप मंगलवार रात से ही गायब था। कपड़ों पर प्रेस करने का काम करने वाले दिलीप की ससुरालवालों से भी अनबन चल रही थी।

Published on:
01 Aug 2018 10:31 pm
Also Read
View All