Ahmedabad. गुजरात के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अर्जुन मोढवाडिया ने कहा कि गुजरात उद्यमिता का एक प्रमुख केंद्र है। यहां सदैव नवाचारों और उद्यमों को प्रोत्साहन दिया गया है। आज का समय नवाचारकों, विचारों, इनक्यूबेशन और निवेशकों का है। अगली पीढ़ी के नवाचारकों को सशक्त बनाकर हम एक सशक्त स्टार्टअप इकोसिस्टम का निर्माण कर सकते […]
Ahmedabad. गुजरात के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अर्जुन मोढवाडिया ने कहा कि गुजरात उद्यमिता का एक प्रमुख केंद्र है। यहां सदैव नवाचारों और उद्यमों को प्रोत्साहन दिया गया है। आज का समय नवाचारकों, विचारों, इनक्यूबेशन और निवेशकों का है। अगली पीढ़ी के नवाचारकों को सशक्त बनाकर हम एक सशक्त स्टार्टअप इकोसिस्टम का निर्माण कर सकते हैं, जो राज्य और देश दोनों की प्रगति में योगदान दे।
वे गुरुवार को भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (ईडीआइआइ), अहमदाबाद की ओर से परिसर में आयोजित तीन-दिवसीय वार्षिक स्टार्टअप समिट एम्प्रेसारियो 2026 के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। यह समिट संस्थान का 15वां प्रमुख वार्षिक आयोजन है। इसका विषय ‘नेक्स्टजेन यूथ इनोवेटर्स’ रखा गया है।
संस्थान के महानिदेशक डॉ. सुनील शुक्ला ने कहा आज का समय नवाचारकों और नवाचारों का है। युवाओं को केवल नए विचार विकसित करने की आवश्यकता है और शेष प्रक्रियाएं उस मजबूत उद्यमिता इकोसिस्टम में स्वतः ही आगे बढ़ेंगी, जिसे राज्य और देश तेज़ी से विकसित कर रहे हैं।
शिक्षा मंत्रालय के नवाचार प्रकोष्ठ के सहायक नवाचार निदेशक डॉ. दीपान साहू ने कहा, भारत के युवाओं में अपार क्षमता है। एम्प्रेसारियो जैसे मंच उन्हें महत्वपूर्ण अनुभव और नेटवर्किंग के अवसर प्रदान करते हैं। समिट के अंतर्गत संस्थान ने टेक बिजनेस आइडिया पिच (बीआईपी) प्रतियोगिता के क्षेत्रीय चरण कई राज्यों में किए, जिसमें 1000 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें से 115 युवा नवाचारकों का चयन किया गया, जिन्हें समिट के दौरान संस्थान परिसर में आयोजित अंतिम चरण बिग पिच में निवेशकों के पैनल के समक्ष अपने स्टार्ट-अप विचार प्रस्तुत करने का अवसर दिया है। शुक्रवार को बोट के सह संस्थापक अमन गुप्ता विचार व्यक्त करेंगे। यहां 45 नवाचारकों के उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई है।