अहमदाबाद

जमीन-जायदाद के विवाद में राजकोट में दो भाइयों की हत्या

राजकोट. शहर में 150 फीट रिंग रोड स्थित सोमनाथ सोसाइटी में रविवार देर रात दो भाइयों की हत्या कर दी गई।जमीन के पैसों के लेन-देन और पारिवारिक संपत्ति के विवाद को लेकर यह झगड़ा हुआ। आरोप है कि रिश्तेदार हार्दिक धोळकिया ने चाकू और लोहे के पाइप से हमला किया जिसमें सुरेश धोळकिया (55) और राजेश धोळकिया की मौत हो गई। हमले के दौरान आरोपी भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
2 min read
Two Brothers Murdered in Rajkot Over Property Dispute
राजकोट में सोमनाथ सोसाइटी में घटना स्थल।

राजकोट में रिश्तेदार ने दो सगे भाइयों की चाकू से हत्या की, आरोपी भी हमले में घायल

राजकोट. शहर में 150 फीट रिंग रोड स्थित सोमनाथ सोसाइटी में रविवार देर रात दो भाइयों की हत्या कर दी गई।जमीन के पैसों के लेन-देन और पारिवारिक संपत्ति के विवाद को लेकर यह झगड़ा हुआ। आरोप है कि रिश्तेदार हार्दिक धोळकिया ने चाकू और लोहे के पाइप से हमला किया जिसमें सुरेश धोळकिया (55) और राजेश धोळकिया की मौत हो गई। हमले के दौरान आरोपी भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शहर के रैयाधार इलाके में बंसीधर पार्क में रहने वाले मृतक सुरेश के पुत्र लाखा धोळकिया ने यूनिवर्सिटी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई जिसमें हार्दिक को आरोपी बताया गया। दर्ज शिकायत में बताया कि रविवार रात करीब एक बजे चाचा राजेश धोळकिया का फोन आया। उन्होंने बताया कि रिश्तेदार हार्दिक उनके घर के बाहर आकर अभद्र व्यवहार कर रहा है और तुरंत आने को कहा।
इसके बाद लाखा और अपने पिता सुरेश के साथ कार में सोमनाथ सोसाइटी पहुंचे जहां राजेश, हनु धोळकिया और शिवा डोंडा मौजूद थे। दूसरी ओर हार्दिक अभद्र व्यवहार कर रहा था। हनु ने समझाने की कोशिश की, लेकिन हार्दिक अधिक उग्र हो गया।
शिकायत के अनुसार, हार्दिक ने पैतृक संपत्ति में हिस्से की मांग करते हुए अचानक चाकू निकाल लिया और सुरेश के सीने पर वार कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे राजेश पर भी उसने ताबड़तोड़ चाकू से हमला किया। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। लाखा जब उन्हें बचाने पहुंचा तो उस पर भी हमला किया गया। मारपीट के दौरान हार्दिक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
सुरेश और राजेश को तत्काल रैया रोड स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुरेश को मृत घोषित कर दिया। उपचार के दौरान राजेश ने भी दम तोड़ दिया, जिससे मामला दोहरे हत्याकांड में बदल गया।
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी (क्राइम) जगदीश बांगरवा, डीसीपी जोन-2 राकेश देसाई, एसीपी, यूनिवर्सिटी पुलिस थाने के पीआइ सी.एन. दवे, क्राइम ब्रांच और एलसीबी की टीमें मौके और अस्पताल पहुंचीं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

साधु वासवाणी रोड की जमीन बेचने के बाद शुरू हुआ था विवाद

मृतक के पुत्र ने शिकायत में बताया कि पिता, चाचा और हार्दिक के बीच पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। साधु वासवाणी रोड स्थित पैतृक जमीन बेचने के बाद उसके हिस्से को लेकर विवाद और बढ़ गया।

चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

शहर के वैशालीनगर निवासी आरोपी हार्दिक (27) भी जवाबी हमले में गंभीर रूप से घायल हुआ। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी शिकायत के आधार पर यूनिवर्सिटी पुलिस ने सुरेश, लाखा, राजेश धोळकिया और शिवा डोडा सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया।

Updated on:
20 Jul 2026 10:11 pm
Published on:
20 Jul 2026 10:11 pm