अजमेर

मादक पदार्थ तस्करी में चालाकी काम नहीं आई, पुलिस ने गिरफ्तारी में सख्ती दिखाई

बिजयनगर इलाके में पुलिस ने दो जगह मादक पदार्थ की तस्करी पकड़ी, पुलिस को देख तस्कर कार सहित भागा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर धर-दबोचा, पुलिस कार्रवाई में दो कारों से 146 किलो डोडा-पोस्त चूरा बरामद

1 minute read
Aug 30, 2020
मादक पदार्थ तस्करी में चालाकी काम नहीं आई, पुलिस ने गिरफ्तारी में सख्ती दिखाई

ajmer अजमेर. अपराध करने में भले कितनी ही चालाकी बरती जाए,लेकिन कानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं। पुलिस कार्रवाई के दौरान शातिर अपराधी नहीं बच सकते। मादक पदार्थ व शराब तस्करी के मामले में आरोपी कई तरह की चालाकी करते हैं। इसके बावजूद वह गिरफ्तारी से बच नहीं पाते।

बिजयनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को हाइवे मार्ग पर दो अलग-अलग कार्रवाई में नाकाबन्दी कर दो कारों से 146 किलो डोडा पोस्त चूरा बरामद किया। पुलिस ने कार चालकों सहित तीन जनों को गिरफ्तार किया है।

भीलवाड़ा से आई कार को रुकवाया

नसीराबाद सिटी पुलिस निरीक्षक भंवरसिंह के निर्देशन में हाइवे पर संदिग्ध वाहनों की चैकिंग के दौरान भीलवाड़ा की ओर से आ रही कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देख कार चालक भागने का प्रयास करने लगा। इस पर पुलिस ने पीछा कर कार को श्रीनाथ होटल के पास रुकवा लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें चार प्लास्टिक कट्टों में अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा 80 किलो अफीम डोडा पोस्त चूरा बरामद किया। कार चालक राजपाल जाट निवासी दाबडिय़ा जिला नागौर व सेवाराम जाट निवासी सियाकों की ढाणी को गिरफ्तार किया।

नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास नाकाम

इसी प्रकार हाइवे पर संदिग्ध वाहनों की चैकिंग के दौरान गुलाबपुरा पुलिस चौकी से कार को रोकने पर कच्चे मार्ग के जरिए बिजयनगर थाना क्षेत्र में प्रवेश की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने कानिया जालिया मार्ग पर पहुंच नाकाबन्दी की। कार चालक को रोकने का संकेत किया तो वह नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने पीछा कर कार रुकवा कर तलाशी ली। इस दौरान डिक्की में चार प्लास्टिक कट्टों में 66 किलो अफीम डोडा-पोस्त चूरा बरामद किया। कार चालक रामचन्द्र जाट निवासी पलाशा मूंडवा जिला नागौर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने एमवी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

Published on:
30 Aug 2020 12:25 am
Also Read
View All