अजमेर

बेहोशी मिली 6 साल की मासूम, नशे की आशंका

नशे की गिरफ्त में बचपन : सड़क किनारे अचेत मिली मासूम बच्ची को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया

2 min read
Apr 13, 2026
रविवार रात को मासूम बालिका के अचेतावस्था में सड़क किनारे मिलने पर जुटे क्षेत्रवासी व गंज थाना पुलिस। पत्रिका

अजमेर(Ajmer news). गंज क्षेत्र में रविवार रात को 6 साल की मासूम बालिका बेहोशी की हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। बच्ची को पहले राहगीरों ने फुटपाथ से उठा गंज क्षेत्र में मंदिर के पास रखे पलंग पर सुला दिया। लेकिन देर रात तक होश में नहीं आने पर पुलिस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक पड़ताल में ‘सॉल्यूशन’ के नशे की आशंका जताई जा रही है।

सड़क किनारे अचेत मिली मासूम

जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 7.30 से 8 बजे के बीच यूनानी दवाखाने के पास सड़क किनारे एक मासूम बालिका अचेत अवस्था में पड़ी मिली। राहगीर ने उसे उठाकर पास स्थित शिव मंदिर के निकट लुहारों के पलंग पर लिटा कर पुलिस को सूचना दी।

उठाने की कोशिश, होश में नहीं आई

सूचना पर गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई राकेश कुमार और महिला कांस्टेबल अनिता ने बच्ची को संभालने की कोशिश की, लेकिन वह अधखुली आंखें लिए फिर बेहोश हो जाती। आस-पास परिजनों की तलाश की गई, लेकिन सुराग नहीं मिला।

अस्पताल में देर रात तक जांच

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बालिका को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल के शिशु रोग विभाग में भर्ती कराया जहां देर रात तक उसकी जांच की जाती रही। पुलिस ने जिला बाल कल्याण समिति को भी सूचना दी।

बच्चों की पहचान, साथी लापता

स्थानीय लोगों के अनुसार बालिका क्षेत्र में एक अन्य बालक के साथ खानाबदोश अवस्था में घूमती नजर आती है। हालांकि घटना के समय वह बालक वहां मौजूद नहीं था। पुलिस दोनों बच्चों की पहचान और उनके परिजनों की तलाश में जुटी है।

सॉल्यूशन नशे की आशंका, बढ़ती चिंता

क्षेत्रवासियों का कहना है कि इलाके में बच्चे सॉल्यूशन जैसे नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं। मासूम बालिका की हालत को देखकर भी यही आशंका जताई जा रही है, हालांकि फिलहाल इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

पत्रिका व्यू-अभी नहीं चेते तो परिणाम भयावह

यह घटना केवल एक मासूम की बेहोशी का मामला नहीं, बल्कि बचपन के नशे की गिरफ्त में जाने का भी संकेत है। सवाल यह कि आखिर 5-6 साल के बच्चे सॉल्यूशन जैसे नशे तक कैसे पहुंच रहे हैं? जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, समाज की भी है। जरूरत है कि ऐसे क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर बच्चों को नशे से दूर रखा जाए, अभिभावकों व स्थानीय लोगों को जागरूक किया जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।

पुलिस कर रही जांच. . .

सूचना मिलते ही घटनास्थल पहुंचे। बालिका बेहोशी की हालत में मिली है। माता-पिता की तलाश के प्रयास किए। बालिका को तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

राकेश कुमार, एएसआई गंज

Also Read
View All