
Pushkar Mela 2026: पुष्कर मेला मैदान में इस बार पिछले वर्ष की अपेक्षा ऊंट वंश की अब तक दो गुनी आवक हो चुकी है। हालांकि यह घोड़ों से काफी कम है। पशुपालन विभाग के रिकार्ड के अनुसार वर्ष 2001 में सबसे ज्यादा 15460 ऊंट आए थे। इसके बाद आवक लगातार घटती रही। पिछले 25 सालों में सबसे कम ऊंट वर्ष 2025 में कुल 1576 आए। इस बार संख्या बढ़ी है। रविवार तक मेला मैदान में 3411 ऊंट आ चुके हैं। जो पिछले वर्ष की अपेक्षा लगभग दोगुने है।
मेला मैदान में वर्ष 2017 में एक भी अश्व वंश की आवक दर्ज नहीं बताई गई। उसके बाद से आवक शुरू हुई। वर्ष 2024 में पुष्कर मेले का स्वरूप बदल गया। ज्यादा आवक के मामले में ऊंट वंश का स्थान अश्ववंश ने ले लिया। वर्ष 2024 में 5016 अश्व आए। इस बार अब तक 4150 अश्व मेला मैदान में आ चुके हैं। कुल 7598 पशुओं की आवक हुई है।
मेला मैदान में रविवार को जिले के विजयनगर से आए अश्व 70 इंच का 34 माह का 'सफेद मिसाइल' तथा 35 माह का 71 इंची सफेद बादल आकर्षण का केंद्र बना है। बादल की कीमत करीब 5 करोड़ रुपए बताई जा रही है। सफेद बादल और सफेद मिसाइल को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इसके अलावा देश के विभिन्न प्रदेशों से अश्व पालक आए हुए हैं। मेला मैदान में मोबाइल नेटवर्क की समस्या आ रही है । व्यापारी तथा पशुपालक परेशान हो रहे हैं। काफी प्रयास करने के बाद परिचितों से बात हो पाती है।
17 नवम्बर को जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत पुष्कर पशु एवं धार्मिक मेले का झंडारोहण करेंगे। शाम को पुष्कर सरोवर के घाट दीपदान की रोशनी से जगमगा उठेंगे। इसी के साथ ही मेले की प्रशासनिक स्तर पर व्यवस्थाएं शुरू हो जाएंगी। पुष्कर का धार्मिक मेला 20 नवम्बर काे कार्तिक मास की प्रबोधिनी एकादशी तिथी के पहले पंचतीर्थ महास्नान के साथ शुरू होगा जो पूर्णिमा तक चलेगा। इस दौरान पुष्कर सरोवर में लाखों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाएंगे।
अजमेर जिला प्रशासन एवं नगरपरिषद की ओर से पुष्कर सरोवर के घाटों पर पर्याप्त रोशनी करने के साथ साथ गहरे पानी की सूचक लाल झण्डियां लगवा दी गई हैं। घाटों पर सिविल डिफेन्स के जवान, पुलिस कर्मी, तैनात किए जाएंगे। पांच दिनों तक चलने वाले धार्मिक पुष्कर मेले के दौरान संतों का शाही स्नान करने की परम्परा भी होगी। इसमें कस्बे के मठों, मंदिरों के संत, महंत हरी नाम संकीर्तन करते हुए पुष्कर सरोवर के घाट पर जाकर स्नान पूजन करेंगे।
पुष्कर नए मेला मैदान में सडक किनारे स्टॉल लगाकर अण्डे व चिकन बेचे जाने पर पुरोहितों ने रोष व्यक्त किया है। चार पहिया वाहन नुमा स्टॉल पर इनकी विभिन्न प्रकार की वैरायटी भी लिखी है। तीर्थ की मर्यादा के विपरीत मांस ब्रिक्री को लेकर पुरोहितों ने रोष व्यक्त किया। सामाजिक कार्यकर्ता अरूण पाराशर इसे तीर्थ की आस्था पर आघात बताया। जानकारी देने के बाद मेला मजिस्टे्ट गुरूप्रसाद तंवर ने इनकी बिक्री तुरंत प्रभाव से बंद करा दी।