अजमेर

Tourism Development: राजकीय संग्रहालय में सिंधु सभ्यता की मिलेगी झलक, आधुनिक प्रदर्शनी का होगा संगम

Rajasthan Tourism: राजकीय संग्रहालय का यह उन्नयन न केवल सांस्कृतिक विरासत को संजोएगा, बल्कि राज्य में पर्यटन को भी नई पहचान देगा।
2 min read
Oct 02, 2025
Feature image

Ajmer Museum: अजमेर। राजस्थान सरकार ने अजमेर के राजकीय संग्रहालय के संरक्षण, जीर्णोद्धार और उन्नयन कार्यों का शुभारंभ किया है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी और विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने परियोजना का लोकार्पण किया। यह संग्रहालय अब आधुनिक सुविधाओं और प्राचीन धरोहर के अनोखे संगम का केंद्र बनेगा।

उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि संग्रहालय किसी भी समाज की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान का प्रतीक होते हैं। यह प्राचीन सभ्यता, जीवनशैली, कला, युद्ध कौशल और चिंतन को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि संग्रहालय का संरक्षण किया जाए, वहीं नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे परिवार और बच्चों के साथ इन स्थलों का दौरा करें और इसे जीवंत बनाए रखें। उन्होंने यह भी बताया कि बजट घोषणा के तहत संग्रहालय विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

संग्रहालय में हेरिटेज लाइब्रेरी के नवीनीकरण और पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण का प्रावधान भी किया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय कारीगरों की हस्तनिर्मित वस्तुओं को बढ़ावा देने के लिए एक सवेनिअर शॉप स्थापित की जाएगी, जिससे ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को बल मिलेगा। दीया कुमारी ने कहा कि भविष्य में संग्रहालय में घूमर उत्सव और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे धरोहर की जीवंतता बनी रहेगी।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि राजकीय संग्रहालय का उन्नयन अजमेर की ऐतिहासिक पहचान को नई दिशा देगा। संग्रहालय में सुरक्षित प्राचीन पांडुलिपियां और मानव सभ्यता से जुड़ी मूर्तियां हमारी संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। विशेष रूप से ‘सिंधु दर्शन दीर्घा’ पर्यटकों को विश्व की प्राचीनतम सभ्यता का सजीव अनुभव कराएगी। उन्होंने पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण और स्थाई संरक्षण पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि अजमेर पर्यटन के दृष्टिकोण से राज्य का हृदय है। लेपर्ड सफारी, वरुण सागर का सौंदर्यकरण, साइंस पार्क और अन्य परियोजनाएं पर्यटकों को नए विकल्प प्रदान करेंगी। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और शहर का विकास नई ऊंचाइयों को छुएगा।

राजकीय संग्रहालय का यह उन्नयन न केवल अजमेर की सांस्कृतिक विरासत को संजोएगा, बल्कि राज्य में पर्यटन को भी नई पहचान देगा।

Updated on:
02 Oct 2025 01:39 pm
Published on:
02 Oct 2025 01:39 pm