
भिड़ंत के बाद कार की फोटो: पत्रिका
Car Collision On Harpura Mod Ajmer: अजमेर जिले के केकड़ी-जयपुर मार्ग पर कोटड़ी के निकट हरपुरा मोड़ पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दो कारों के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस के अनुसार कालेड़ा (कंवरजी) निवासी नंदकिशोर जैन (50) अपनी बेटी को उच्च शिक्षा के लिए जयपुर छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान केकड़ी-जयपुर मार्ग पर हरपुरा मोड़ के पास सामने से आ रही एक कार से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारों के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उनमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
हादसे के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों, रोडवेज बसों में सफर कर रहे यात्रियों और स्थानीय ग्रामीणों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कारों में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उन्हें प्राथमिक सहायता देने का प्रयास किया। इसके बाद सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए केकड़ी के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के दौरान स्थानीय लोगों की तत्परता से घायलों को समय पर मदद मिल सकी।
अस्पताल में उपचार के दौरान नंदकिशोर जैन की मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल हुए 6 अन्य लोगों का इलाज जारी है। कुछ अस्पताल में भर्ती है वहीं कई घायलों को छुट्टी मिल गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे का कारण तेज रफ्तार और दोनों वाहनों की आमने-सामने की टक्कर हो सकता है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है। वहीं हादसे की सूचना मिलने के बाद कालेड़ा सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Updated on:
27 Jul 2026 07:53 am
Published on:
27 Jul 2026 07:51 am
