26 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Ajmer News: तालाब पर पिकनिक मनाने गए 2 बच्चों की डूबने से मौत, तीन घंटे बाद एसडीआरएफ ने निकाले शव

अजमेर जिले के ब्यावर क्षेत्र में डूंगरखेड़ा तालाब पर पिकनिक मनाने गए 5 बच्चों में से 2 मासूम नहाते समय गहरे पानी में डूब गए। एसडीआरएफ, फायर विभाग और सिविल डिफेंस की टीम ने तीन घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद दोनों के शव बरामद किए।
2 min read
Google source verification

अजमेर

image

Kamal Mishra

Jul 26, 2026

Ajmer News

Beawar : सर्च अभियान के दौरान तालाब के पास जुटी भीड़ (फोटो-पत्रिका)

अजमेर। जिले के ब्यावर में रविवार को पिकनिक की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब तालाब में नहाने गए दो मासूम गहरे पानी में डूब गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर विभाग और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे तक चले संयुक्त सर्च अभियान के बाद दोनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस के अनुसार सदर थाना क्षेत्र के ग्राम डूंगरखेड़ा स्थित तालाब पर जामा मस्जिद लोहारान चौपड़ क्षेत्र के पांच बच्चे रविवार को पिकनिक मनाने और नहाने के लिए गए थे। इस दौरान जामा मस्जिद के पास लोहारान चौपड़ निवासी मुस्तफा (9) पुत्र मोहम्मद आसिफ और आशुनगर निवासी अरहान (11) पुत्र मोहम्मद अयूब तालाब में नहाते समय गहरे पानी में चले गए। दोनों को डूबता देख साथ मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाया और आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई।

तीन घंटे बाद निकाला गया शव

सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद सदर थाना पुलिस, एसडीआरएफ, फायर विभाग और सिविल डिफेंस की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। गोताखोरों और बचाव दल ने करीब तीन घंटे तक तालाब में लगातार तलाश की। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाले गए।

मोर्चरी में रखे गए शव

शवों को एंबुलेंस की सहायता से राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय की मोर्चरी पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और क्षेत्रवासी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में गमगीन माहौल रहा। मासूमों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। जो बच्चे सुबह घर से पिकनिक मनाने निकले थे, उनकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलने पर उपखंड अधिकारी दिव्यांश सिंह और पुलिस उपाधीक्षक राजेश कसाना भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट मांगी। सदर थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। प्रारंभिक जांच में इसे डूबने से हुई दुर्घटना माना जा रहा है।