
रक्तिम तिवारी/अजमेर।
असली नाम छुपाने और शानो-शौकत को बनाए रखने के लिए झूठ और कहानियां रचने का कलाकारों का अंदाज दर्शकों को पसंद आया। कथाओं के बीच चुटीले संवादों ने ठहाके लगवाए। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के राजीव गांधी सभागार में गंधर्व थियेटर की ओर से मंचित 'मायने गंभीर होने के... Ó नाटक में यह नजारा दिखा। ऑस्कर वाइल्ड के नाटक 'द इम्पॉरटेंस ऑफ बींग अर्नेस्ट Ó का हिंदी रूपान्तरण शानदार रहा।
गांव में राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ राजू का शहर में गम्भीर सिंह बनकर अपने दोस्त अनुराग उर्फ अन्नू के यहां जाना और डींगे हांकने के दृश्य शानदार रहे। अन्नू की रिश्तेदार रानी साहिबा की बेटी नंदा से गम्भीर सिंह का प्रणय निवेदन कर विवाह का प्रस्ताव रखना, अनुराग का गम्भीर की रिश्तेदार चार्वी से इश्कबाजी जैसे दृश्य दर्शकों को पसंद आए।
नाटक में असलियत को छुपाने के लिए छद्म नाम का सहारा लेना, इश्क को परवान चढ़ाने के लिए मनगढ़ंत कहानियां रचने की कलाकारों की अदाकारी ने छाप छोड़ी। गुलामी बाद के भारतीय रियासतों के कालखंड से जुड़े प्रसंगों में दर्शक बरबस खोए नजर आए। नाटक में हिंदी के शिक्षक शास्त्री और अंग्रेजी की शिक्षिका मिस डिसूजा की जोड़ी ने भी छाप छोड़ी।
दोनों पाश्चात्य और भारतीय संस्कृति को 'रिश्तेदारी में तब्दील करते दिखे। राजकुमार चार्वी और नंदा का झूठे किरदार 'गम्भीर को पसंद करने, राजू और अन्नू की असलियत को सामने लाने की कोशिशों ने दर्शकों को प्रभावित किया। कलाकारों के सशक्त संवाद, अभिनय विविधता और दृश्यों से तालमेल ने नाटक को ऊंचाइयों पर पहुंचाया। लेखन और निर्देशन राजस्थान पुलिस अकादमी के निदेशक सौरभ श्रीवास्तव ने किया।
इसमें कला अंकुर, संस्कृति द स्कूल, स्पिक मैके, पृथ्वीराज फाउन्डेशन, नाट्यवंृद और अन्य ने सहयोग दिया। कलक्टर गौरव गोयल, आईजी मालिनी अग्रवाल, बोर्ड सचिव मेघना चौधरी, अतिरिक्त कलक्टर अबु सूफियान चौहान, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त के. के. शर्मा और अन्य मौजूद रहे।
गंधर्व थियेटर के कलाकार
सौरभ श्रीवास्तव, सुष्मिता श्रीवास्तव, निष्ष्ठा पुरी, शशि किरण, सुरभि माथुर, मृद्धिका त्रिपाठी, हिमांशु, बंटी पंचोली, निधि शर्मा, भुवनेश भटनागर, पुरुषोत्तम शर्मा, कृष्णपाल, वल्लरी श्रीवास्तव और अन्य।