अजमेर

अजमेर को मिलीं 20 नई ई-बसें, 15 रूटों पर होगा संचालन; यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं

अजमेर को प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत 20 नई वातानुकूलित ई-बसें मिली हैं। शहर के 15 रूटों पर इनका संचालन होगा। बसों में दिव्यांगों के लिए लिफ्ट, CCTV कैमरे, अग्निशमन यंत्र और पैनिक बटन जैसी सुविधाएं मिलेंगी। बसों की रेंज 200 किमी है।
less than 1 minute read
• •
Updated: 7 Nov 2026, 2:39 PM IST
ajmer gets 20 new electric buses
नई ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, महापौर अनामिका और अन्य (पत्रिका फोटो)

Ajmer E-Bus Service: अजमेर: प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत अजमेर को 20 नई वातानुकूलित (AC) ई-बसें मिली हैं। शहर के 15 रूटों पर इन बसों का संचालन होगा। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और महापौर अनामिका शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया।

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि पहले अजमेर को 30 बसें मिलनी थीं। उन्होंने अजमेर के लिए और बसें आवंटित कराने का प्रयास किया। इसके बाद अब कुल 100 बसों के आवंटन को मंजूरी मिली है। इससे शहरवासी अजमेर सहित आसपास के क्षेत्रों किशनगढ़, पीसांगन और नसीराबाद तक सफर कर सकेंगे।

महापौर अनामिका शर्मा ने कहा कि इन बसों के संचालन से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। आयुक्त गौरव बुढ़ानिया ने बताया कि बसों की रेंज करीब 200 किलोमीटर तक है।

इससे पहले महापौर ने विधानसभा अध्यक्ष देवनानी और भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सोनी का स्वागत किया। इस मौके पर नगर निगम उपायुक्त भरतराज गुर्जर, उपायुक्त महावीर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सोनी, पार्षद मोनिका जैन, सूफिया कुरैशी, विवेक रावत और पूर्व पार्षद मनोज मामनानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

इन रूटों पर चलेंगी ई-बसें

  • वरुण सागर से तबीजी
  • किशनगढ़
  • नरवर से वरुण सागर वाया स्टीफन चौराहा
  • अजमेर से बोराड़ा वाया रामसर
  • माखुपुरा से माकड़वाली वाया शास्त्री नगर
  • तबीजी से जनाना हॉस्पिटल वाया एमडीएस यूनिवर्सिटी
  • अजमेर से पुष्कर वाया लीला सेवड़ी
  • माकड़वाली से श्रीनगर-बडलिया
  • अजमेर से किशनगढ़ वाया गेगल
  • अजमेर से गोविंदगढ़ वाया पुष्कर
  • कुंदन नगर से भगवंत यूनिवर्सिटी वाया माखुपुरा
  • नौसर से चंद्रवरदाई नगर वाया रामगंज
  • अजमेर से पुष्कर वाया होकरा
  • अजमेर से ब्यावर सिटी
  • अजमेर से अरांई
  • अजमेर से नसीराबाद वाया माखुपुरा

ये सुविधाएं मिलेंगी बसों में

  • दिव्यांग यात्रियों के चढ़ने के लिए लिफ्ट की सुविधा।
  • वॉयस रिकॉर्डिंग के साथ सीसीटीवी कैमरे।
  • अग्निशमन यंत्र।
  • पैनिक बटन, जिससे कंट्रोल रूम में अलर्ट मैसेज पहुंचेगा।
Updated on:
7 Nov 2026, 2:39 PM IST
Published on: