अजमेर

Ajmer Lock Down: रोड पर पुलिस की नाकाबंदी, किया शहर को लॉकडाउन

सुबह से पुलिस ने अजमेर में मोर्चा संभाल लिया है।
2 min read
Mar 24, 2020
police patrolling in ajmer
police patrolling in ajmer

अजमेर.

जनता कफ्र्यू में सुबह से देर रात तक लॉकडाउन रहे लोग सोमवार को बेफिक्र हो गए थे। सरकार के आदेशों को धत्ता बताते हुए सुबह से देर शाम तक सडक़ों पर लोगों का जमवाड़ा था। मंगलवार सुबह से पुलिस ने अजमेर में मोर्चा संभाल लिया है। पुलिस ने सडक़ों पर नाकेबंदी की है। बेवजह वाहन चलाने वालों से पूछताछ कर उन्हें वापस घर लौटाया जा रहा है। केवल आवश्यक सेवाओं वाले स्टाफ को ही छूट दी गई है।

राज्य सरकार के 31 मार्च तक लॉकडाउन का सोमवार को कोई असर नहीं दिखा था। वैशाली नगर शास्त्री नगर, लोहागल रोड, ब्यावर रोड, केसरगंज, रामगंज, पुलिस लाइन इलाके में सडक़ों पर कार, जीप, ऑटो, दोपहिया वाहन बदस्तूर चले। लोग झुंड में बतियाते रहे। नया बाजार, पुरानी मंडी, मदार गेट, स्टेशन रोड इलाकों में भी यही हाल दिखा। लोग सरकार के आदेश की परवाह किए बगैर घूमते नजर आए।

मोर्चे पर डटी पुलिस
मंगलवार सुबह से ही पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया। आनासागर लिंक रोड, बजरंगगढ़ चौराहा, स्टेशन रोड, जयपुर रोड-कलक्ट्रेट, कचहरी रोड, शास्त्री नगर, सिविल लाइंस-पुलिस लाइंस सहित शहर के मुख्य मार्गों पर पुलिस ने नाकाबंदी की है। दोपहिया-चौपहिया वाहन चलाने वालों से पूछताछ शुरू हो गई है। केवल आवश्यक सेवाओं वाले स्टाफ को छोडकऱ आमजन को वापस लौटाना शुरू कर दिया है। पुलिस ने चेताया है, कि राज्य सरकार के निर्देशों की पालना नहीं हुई तो नियमानुसार चालान बनाए जाएंगे।

प्रशासन-पुलिस की अपील भी बेअसर
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सडक़ों पर बेकार घूमते लोगों को समझाया। लेकिन लोगों ने सब्जी और आवश्यक सामान खरीदने का तर्क देकर परवाह नहीं की। कई लोग तो बिना मास्क पहने-रूमाल बांधे घूमते रहे। पुलिसकर्मी लाउडस्पीकर पर चेतावनी देते रहे। फिर भी लोग सडक़ों पर देर शाम तक घूमने से बाज नहीं आए।


बंद करानी पड़ी थी दुकानें
मदार गेट, नया बाजार, पंचशील, नगरा, बिहारीगंज, नसीराबाद रोड, आदर्श नगर, श्रीनगर रोड, मेयो लिंक रोड, फायसागर, दरगाह बाजार, अंदरकोट, नला बाजार सहित अन्य इलाकों में दुकानें खुली रहीं। पुलिस ने कई जगह सख्ती दिखाई तो कई दुकानें बंद हो गई। हालांकि गली-मोहल्लों औ घरों में संचालित दुकानें यथावत चली।

कोरोना के ये हैं खतरे
-समूह में करीब खड़े होकर बातें करना
- रेलिंग और किसी भी खुली वस्तुओं को छूना
-दफ्तर और अन्य स्थानों पर लगी लिफ्ट के बटन
-चाय के स्टॉल पर चीनी के कप और कांच के ग्लास
-कार, बाइक, स्कूटी के हैंडल-लॉक-चाबी
-जुखाम में छींक, खांसी आना

यह रखें सावधानियां......
-फुल स्लीव्ज की शर्ट-टीशर्ट पहनें
-अपने साथ सेनिटाइजर रखें, बार-बार इस्तेमाल करते रहें
-किसी को ना छूएं ना हाथ लगाएं
-खांसी और छींक आए तो अपना मुंह ढंके
-बातचीत में कम से कम एक मीटर का फासला रखेंं

Published on:
24 Mar 2020 07:24 am