अजमेर

Ajmer: फिर पासपोर्ट ऑफिस को उड़ाने की धमकी, आया 16 बम लगाने का मेल

फिर बम धमाके की धमकी, मेल में पासपोर्ट ऑफिस को उड़ाने का दावासाइनाइड गैस से भरे 16 बम लगाने का मेल, पुलिस प्रशासन आया अलर्ट मोड पर, पहले भी कई बार मिल चुकी हैं धमकियां

2 min read
May 06, 2026
पासपोर्ट ऑफिस में बम की धमकी की सूचना पर पहुंचा बम निरोधक दस्ता व पुलिस।

अजमेर(Ajmer News). पासपोर्ट ऑफिस को बुधवार को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी भरे ई-मेल से हड़कंप मच गया। मेल में पासपोर्ट ऑफिस को निशाना बनाने का दावा किया गया, जिसके बाद पुलिस समेत तमाम सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने सर्च ऑपरेशन चलाया लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला।

बुधवार सुबह एक अज्ञात ई-मेल के जरिए पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। मेल में दावा किया गया कि कार्यालय परिसर में साइनाइड गैस से भरे 16 बम लगाए हैं, जो दोपहर सवा 12 बजे विस्फोट करेंगे। साथ ही सभी कर्मचारियों को तत्काल बाहर निकालने की चेतावनी भी दी गई।

धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीआर मार्ग स्थित पासपोर्ट ऑफिस व मुख्य डाकघर के आसपास इलाके को खाली करवाया गया। आरपीओ रमेश टहलियानी और सदर कोतवाली थानाप्रभारी अनिलदेव कल्ला, सीआईडी जोन का बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और पुलिस टीमें मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया। अब तक किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर जांच जारी है।

धमकी भरे ई-मेल में क्या?

ईमेल में न सिर्फ धमाके का समय, स्थान बताया गया, बल्कि कुछ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संगठनों का जिक्र करते हुए साजिश की कहानी भी गढ़ी गई। इसमें उदयनिधि स्टालिन और अभिनेत्री निवेधा पेथुराज से जुड़ी फाइलों के लीक होने का दावा करते हुए आईएसआई, सीपीआई और लिटटे का नाम लिया गया है। हालांकि, शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि मेल भ्रामक और अफवाह फैलाने के उद्देश्य से भेजा गया हो सकता है।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

यह पहला मामला नहीं है जब अजमेर में इस तरह की धमकी सामने आई हो। बीते 4 माह में जिला कलक्ट्रेट, दरगाह, सेशन कोर्ट, रेलवे स्टेशन, जीपीओ को उड़ाने के धमकी भरे ई-मेल मिल चुके है। हर बार जांच में यह धमकियां झूठी साबित हुई हैं।

...सुराग नहीं लग सका

बीते 4 माह में मिले धमकियों के मेल भेजने वाला का साइबर सेल अब तक सुराग नहीं लगा सकी है जबकि सिविल लाइंस थाने की एक टीम को दिल्ली भेजा गया था। दिल्ली क्राइम ब्रांच ने संदिग्ध युवक को दबोचा था। जो दिल्ली समेत देशभर में 1100 से ज्यादा धमकी भरे मेल भेज चुका है लेकिन अजमेर समेत प्रदेश में भेजे गए मेल आईडी से मैल नहीं खा रहे।

इनका कहना है...

बम धमाके की सूचना पर पासपोर्ट ऑफिस में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। साइबर टीम ई-मेल की पहचान करने में जुटी हुई है।

हर्षवर्धन अग्रवाला, एसपी अजमेर

Updated on:
06 May 2026 04:34 pm
Published on:
06 May 2026 02:23 pm
Also Read
View All