अजमेर

Ajmer News: फूड पॉइजनिंग का ‘कहर’ : 20 वर्षीय युवती की मौत, एक ही परिवार के 7 लोग बीमार

Beawar Food Poisoning : ब्यावर में एक ही परिवार के 8 सदस्य फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ब्यावर के राजकीय अमृतकौर अस्पताल ले जाया गया, जहां एक युवती की उपचार के दौरान मौत हो गई।
2 min read
Apr 05, 2026
food poisoning
फोटो पत्रिका नेटवर्क

अजमेर। ब्यावर में एक ही परिवार के 8 सदस्य फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ब्यावर के राजकीय अमृतकौर अस्पताल ले जाया गया, जहां एक युवती की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि 7 अन्य को अजमेर रेफर कर दिया गया। इनका उपचार जारी है। यहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार ब्यावर के सेंदड़ा रोड स्थित सांईनाथनगर निवासी रूपचंद (68), उनकी पत्नी भंवरी देवी (64), दामाद अर्जुन (45), उसकी पत्नी पुष्पा (40), रोहित (22), हिना (20), चंचल (16) और मयंक (13) की शुक्रवार रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन और पड़ोसियों की मदद से सभी को राजकीय अमृतकौर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान हिना (20) ने दम तोड़ दिया। गंभीर हालत को देखते हुए अन्य 7 सदस्यों को देर रात अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया गया।

अजमेर के जेएलएन अस्पताल के मेडिसिन विभाग में भर्ती रूपचंद, भंवरी देवी, अर्जुन, पुष्पा और रोहित की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, जबकि चंचल और मयंक को शिशु रोग विभाग में भर्ती करके उपचार किया जा रहा है।

खाने में खाई रोटी-सब्जी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार ने सामान्य रोटी-सब्जी का भोजन किया था, जिसके बाद अचानक सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

पड़ताल में आया कि अर्जुन सिंह मूल रूप से भीम क्षेत्र के सम्बुरिया गांव का रहने वाला है और पिछले करीब 20 साल से अपने ससुराल में रह रहा था। कुछ दिनों से परिवार के कुछ सदस्यों की तबीयत खराब थी, लेकिन शुक्रवार रात को खाना खाने के बाद अचानक स्थिति गंभीर हो गई।

खाद्य पदार्थ में मिलावट की आशंका

विशेषज्ञों के अनुसार एक ही परिवार के कई सदस्यों का एक साथ बीमार होना फूड पॉइजनिंग की ओर इशारा करता है। साथ ही परिवार के एक की मौत होने से खाद्य पदार्थ में मिलावट की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल चिकित्सा विभाग व प्रशासन मामले की जांच में जुटा है तथा परिवार के अन्य सदस्यों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

इनका कहना है…

एक महिला व उसके पति की तबीयत खराब होने पर आए थे। इनकी तबीयत ज्यादा खराब होने पर रेफर कर दिया। उनके पैरों में सूजन थी, जबकि एक बालिका की मौत हो गई।

-डॉ. पुखराज चौधरी, अमृतकौर चिकित्सालय, ब्यावर

Published on:
05 Apr 2026 02:13 pm