अजमेर

बड़ी खबर, रेलवे भर्ती बोर्ड ने दिया candidates को शानदार उपहार, 1587 अभ्यर्थियों की सूची जारी

रेलवे भर्ती बोर्ड : दो साल बाद नौकरी का इंतजार खत्म, १०३४ अभ्यर्थियों का होगा चयन
2 min read
• •
Updated: 14 Aug 2017, 11:17 AM IST
big news for candidates railway recruitment board declare list of selected candidates

रेलवे में नौकरी के लिए अभ्यर्थियों का लगभग दो वर्ष का इंतजार आखिर समाप्त हो गया है। रेलवे भर्ती बोर्ड ने उत्तर-पश्चिम रेलवे के लिए १५८७ अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है। हालांकि इनमें से १ हजार ३४ को ही नौकरी का तोहफा मिलेगा।

रेलवे में पूरे देश में १८ हजार २५२ पदों के लिए मार्च २०१५ में अधिसूचना जारी की थी। लंबे अंतराल के बाद गुड्स गार्ड, सहायक स्टेशन मास्टर, सीनियर क्लर्क, कमर्शियल अप्रेंटिस, ट्रेफिक अप्रेंटिस सहित अन्य पदों के लिए बंपर भर्ती को देखते हुए पूरे देश में लगभग ९२ लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें अजमेर रेलवे भर्ती बोर्ड के अधीन उत्तर -पश्चिम और पश्चिमी रेलवे में १०८८ पद के लिए भर्ती होनी थी। देश के २० रेलवे भर्ती बोर्ड में एक साथ प्रारंभिक स्तर की लिखित परीक्षा आयोजित हुई जिसमें लगभग ६० लाख अभ्यर्थी शामिल हुए।

बाद में मुख्य लिखित परीक्षा का प्रावधान

अधिसूचना के समय हालांकि रेलवे ने एक ही लिखित परीक्षा का प्रावधान रखा था। लेकिन परिणाम जारी करने से ऐन पहले दूसरे स्तर की मुख्य लिखित परीक्षा लेने का फैसला कर लिया। इसमें एक पद पर १५ के अनुपात में अभ्यर्थियों को बुलाया गया। दूसरे स्तर की लिखित परीक्षा इसी वर्ष १७ से १९ जनवरी तक आयोजित की गई । इसमें लगभग २ लाख ७३ हजार अभ्यर्थी शामिल हुए।

ढाई हजार पदों पर कैंची

रेलवे भर्ती बोर्ड ने दूसरे स्तर की लिखित परीक्षा का प्रावधान जोडऩे के बाद एक बार फिर से अभ्यर्थियों को जोर का झटका दिया। मुख्य अधिसूचना में १८ हजार २५२ पद पर नियुक्तियां की जानी थी। लेकिन मुख्य लिखित परीक्षा लेने के बाद लगभग ढाई हजार पदों पर कैंची चला दी। इस वजह से पदों की संख्या घटकर १५ हजार ८८५ रह गई। इनमें सर्वाधिक पद सीनियर क्लर्क सह टंकक के कम किए गए।

पचास फीसदी से अधिक की सूची

अजमेर रेलवे भर्ती बोर्ड के तहत उत्तर-पश्चिम रेलवे और पश्चिमी रेलवे में १ हजार ३४ पदों पर नियुक्ति की जानी है। भर्ती बोर्ड ने इसके लिए पचास फीसदी अधिक अभ्यर्थियों की सूची जारी कर कुल १५८७ अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया है। इसकी वजह यह है कि पिछले दो वर्ष से अनेक अभ्यर्थियों की दूसरी जगह नौकरी लग चुकी है। नौकरी के लिए अंतिम सूची में अभ्यर्थी कम न रह जाएं इसके लिए पचास फीसदी अधिक अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।

इनका कहना है

दस्तावेज सत्यापन २८ अगस्त से छह अक्टूबर तक होंगे। प्रतिदिन ५० अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों के प्रवेश-पत्र बेवसाइट पर अपलोड किए जा रहे हैं। मेरिट के आधार पर सूची दस्तावेज सत्यापन के बाद जारी होगी।

-आलोककुमार मिश्र, अध्यक्ष रेलवे भर्ती बोर्ड अजमेर

Published on: