कार में सवार चार लुटेरों ने बाइक का किया पीछा, सुनसान जगह ओवरटेक कर रुकवाई बाइक, महिला के सोने के जेवरात लेकर भागे लुटेरे
ajmer अजमेर. अपराधियों के हौंसले इतने बुलंद है कि अब दिनदहाड़े वारदात करने से भी नहीं चूक रहे। ठगी,चोरी व लूट की घटनाएं बढऩे के पीछे लॉकडाउन व कोरोना को वजह माना जा रहा है।
साइबर क्राइम ने भी पांव पसारे हैं। अजमेर जिले के श्रीनगर पंचायत समिति क्षेत्र स्थित ग्राम बीर के दांता रोड पर दिनदहाड़े बाइक सवार दम्पती लूट का शिकार हो गए। लुटेरे सोने के जेवरात ले भागे। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
बाइक का किया पीछा
पुलिस के अनुसार कदमपुरा निवासी देवराज पुत्र भारमल गुर्जर मुहामी अपने ससुराल से पत्नी इन्द्रा गुर्जर को गुरुवार बाइक पर बैठाकर पत्नी की बुआ व उसकी बहन से मिलने दांता जा रहा था। नेशनल हाइवे स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के पास देवराज वाहन रोककर सिगरेट पीने रुक गया।
कुछ देर बाद देवराज वहां से दांता के लिए रवाना होने लगा। तभी कार सवार लुटेरों ने उनका पीछा किया। बीर से ज्यों ही वह दांता की ओर घूमे तो एक बिना नम्बरी कार भी उनको ओवरटेक करते हुए तेजी से आगे निकल गई।
धमकी देकर उतरवाए गहने
देवराज आगे ईंट भट्टे के पास पहुंचा तो अज्ञात कार वापस घूमकर आई। लुटेरों ने कार को देवराज की बाइक के आगे लगा दिया। इस दौरान कार में बैठे चार व्यक्ति बाहर आए और दम्पती को धमकाते हुए गहने उतराने के लिए कहा। युवकों के पास एक गिलोल भी थी।
इन्द्रा ने डर के मारे पांच तोला वजनी सोने का टेवटा और एक सोने की टूसी उतार कर उन्हें दे दी। लुटेरे देवराज गुर्जर का मोबाइल फोन व बाइक की चाबी लेकर बीर की ओर रवाना हो गए। पीडि़त दम्पती ने बताया कि कार में एक लड़की भी बैठी थी।
मोबाइल को कानाखेड़ी में फैंका
वारदात के बाद दम्पती ने सड़क मार्ग पर आकर परिचितों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर श्रीनगर थानाप्रभारी प्रभूदयाल वर्मा मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। थानाप्रभारी ने थाने से टीम आस पास क्षेत्र में रवाना करते हुए सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला। देवराज गुर्जर के मोबाइल की लोकेशन के आधार पर ट्रेस किया गया तो मेाबाइल लुटेरे चालू हालात में कानाखेड़ी के पास फेंककर भाग गए। श्रीनगर पुलिस थाने में लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।