
शिवाड़। कस्बे में निजी मोबाइल कंपनी की ओर से केबल बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। करीब एक माह बीत जाने के बाद भी कई स्थानों पर खोदे गए गड्ढों को नहीं भरा गया है। तीन फीट तक गहरे ये गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं।
रविवार सुबह स्टेशन रोड पर एक बाइक सवार खुले गड्ढे में गिरकर घायल हो गया। वहीं केबल बिछाने के दौरान कई घरों के नल कनेक्शन भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिन्हें अब तक दुरुस्त नहीं कराया गया है। इससे पेयजल सहित अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
न तो बैरिकेड लगाए गए हैं और न ही चेतावनी संकेत
स्थानीय लोगों ने बताया कि कस्बे में जगह-जगह खुले पड़े गड्ढे रात के समय अधिक खतरनाक साबित हो रहे हैं। कई स्थानों पर सुरक्षा के लिए न तो बैरिकेड लगाए गए हैं और न ही चेतावनी संकेत लगाए गए हैं। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
सावन महोत्सव से पहले अनदेखी, सड़कों पर मौत के गड्ढे
इधर, तीन दिन बाद कस्बे में सावन महोत्सव शुरू होने जा रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों की आवाजाही बढ़ेगी। इसके बावजूद मुख्य मार्गों और आबादी क्षेत्रों में खुले पड़े गड्ढों को लेकर प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित ठेकेदार को पाबंद कर सभी गड्ढों को शीघ्र भरवाया जाए, क्षतिग्रस्त नल कनेक्शन ठीक कराए जाएं और महोत्सव से पहले सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।