अजमेर

आगे चल रहे वाहन में जा घुसी कार

तीन महिलाओं सहित पांच जने घायल
less than 1 minute read
Mar 13, 2020
आगे चल रहे वाहन में जा घुसी कार
दुर्घटनाग्रस्त कार व उपचाररत घायल।

अजमेर. नसीराबाद के ग्राम झड़वासा के समीप एक कार अपने आगे चल रहे वाहन में जा घुसी। दुर्घटना में कार में सवार पांच जने घायल हो गए। पुलिस के अनुसार गडारिया मंडेला झुंझुनूं निवासी आशीष, सुनीता, रामावतार, रिया व डीया झुंझुनूं से कार में चित्तौडग़ढ़ जा रहे थे। इस दौरान ग्राम झड़वासा के समीप उनकी कार के आगे चल रहे अज्ञात वाहन के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे उनकी कार वाहन में जा घुसी।
घायलों को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कर्मचारियों ने नसीराबाद के राजकीय सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया। रामावतार की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद अजमेर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय रैफर कर दिया।


कार की चपेट में बाइक सवार महिला की मौत
राष्ट्रीय राजमार्ग 79 पर ग्राम झड़वासा के समीप एक कार ने एक मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। इससे बाइक पर सवार महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार भिनाय निवासी रामरतन बदामी देवी को मोटरसाइकिल पर बैठाकर ग्राम झड़वासा से भिनाय जा रहा। इस दौरान पीछे से तेज गति से आ रही एक कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इससे बदामी देवी की मौके पर ही मृत्यु हो गई व रामरतन गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर नसीराबाद राजकीय सामान्य चिकित्सालय की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया। वहीं घायल रामरतन को अजमेर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय रैफर कर दिया। पुलिस ने लोहरवाड़ा निवासी आनन्दीलाल की रिपोर्ट पर कार चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। वहीं ग्रामीणों ने दुर्घटना के बाद फरार हुए कार चालक इंदौर निवासी साहिल खान को कार सहित बान्दनवाड़ा के समीप पकडक़र पुलिस के हवाले कर दिया।

Published on:
13 Mar 2020 05:01 am