अजमेर

# 2019 – हर तरफ जश्न का रहा माहौल, बीता पुराना, आया नया साल

जबरदस्त जोश और उमंग के साथ शहरवासियों ने साल 2019 के आगमन का स्वागत किया। पौष की सिहराती सर्दी भी लोगों के संग जश्न में झूम उठी।
3 min read
Jan 01, 2019
Celebration on every side, old past, came new year
हर तरफ जश्न का रहा माहौल, बीता पुराना, आया नया साल

. जबरदस्त जोश और उमंग के साथ शहरवासियों ने साल 2019 के आगमन का स्वागत किया। पौष की सिहराती सर्दी भी लोगों के संग जश्न में झूम उठी। कहीं युवाओं के कदम डांस फ्लोर पर थिरकते नजर आए तो कहीं सडक़ों, गलियों-मोहल्लों में आतिशबाजी से आकाश सतरंगी हो उठा। बीते साल के अंतिम दिन यानी सोमवार को देर रात तक शहर का चप्पा-चप्पा कुछ इसी माहौल में डूबा रहा।

IMAGE CREDIT: n.d. khan

ज्योंहि सोमवार की शाम ढली शहरवासी नए साल के जश्न और पार्टी में जुट गए। छोटे और बड़े होटल, रेस्टोरेंट में भव्य सजावट की गई। जयपुर रोड, पुष्कर रोड और अन्य राजमार्गों पर बने गार्डन रेस्टोरेंट-होटल में भी साल 2019 का जश्न मनाया गया। अजमेर क्लब, सूचना केंद्र चौराहा, स्वामी कॉम्पलेक्स चौराहा और अन्य स्थानों पर नए साल पर सांस्कृतिक और अन्य कार्यक्रम हुए।

IMAGE CREDIT: n.d. khan

साल 2018 की विदाई और नए साल के स्वागत के लिए लोग आतुर दिखे। डीजे डांस फ्लोर पर रीमिक्स, हिंदी और अंग्रेजी गीतों पर नौजवान, महिलाएं, पुरुष, बच्चे थिरक उठे। अपने पसंदीदा गीतों पर डांस के साथ-साथ जोश में नारे भी लगाए। मुम्बई, दिल्ली, जयपुर, अहमदाबाद सहित अन्य शहरों से आई म्यूजिकल पार्टियों ने भी शानदार प्रस्तुतियां दी। लोगों ने मौके का भरपूर लुत्फ उठाया।

IMAGE CREDIT: n.d. khan

जैसे ही घड़ी की सुईयां देर रात्रि 11.59 पर पहुंची कई जगह कुछ पलों के लिए लाइट बंद की गई। घडिय़ों के कांटें ज्योंहि 12 बजे पर मिले लोगों ने वेलकम 2019...कहते हुए नए साल का स्वागत किया। सब एक-दूसरे को हैप्पी न्यू इयर कहते हुए शुभकामनाएं देने में जुट गए। अजमेर क्लब, जयपुर रोड, मदार गेट, वैशाली नगर, शास्त्री नगर, हरिभाऊ उपाध्याय नगर, कोटड़ा, पंचशील सहित शहर के नया बाजार, पुरानी मंडी और अन्य इलाकों में युवाओं-बच्चों ने बम, अनार और फुलझडिय़ां चलाकर नए साल का स्वागत किया। कई जगह नए साल के जश्न में केक काटे गए।

IMAGE CREDIT: n.d. khan

लोगों ने सोशल मीडिया का भी उपयोग किया। उन्होंने मोबाइल में सेल्फी और वीडियो अपलोड किए। रिश्तेदारों-परिजन को नए साल की शुभकामनाओं का दौर देर रात से ही शुरू हो गया। फेसबुक, वॉट्सएप, ट्विटर पर वीडियो, न्यू ईयर मैसेज भेजे गए। मोबाइल पर देर रात्रि से सुबह तक ट्रेफिक काफी बिजी रहा

IMAGE CREDIT: n.d. khan

नए साल पर होने वाले जश्न को लेकर पुलिस मुस्तैद रही। शहर की प्रमुख सडक़ों, होटल-रेस्टोरेंट के बाहर विशेष तौर पर जाप्ता तैनात किया। सडक़ों पर हुड़दंग करने वाले, शोर-शराबा, शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कई जगह छुटपुट विवाद होने पर पुलिस ने तत्काल लोगों को तितर-बितर किया।

Published on:
01 Jan 2019 01:40 pm