
अजमेर. जिम्मेदार महकमों की लापवाही के चलते स्मार्ट सिटी अजमेर का कलक्ट्रेट व एसपी कार्यालय क्षेत्र नो वेंडिग जोन अब वैंडिग जोन (अवैध बाजार) में तब्दील हो रहा है। दिनभर सड़क पर अवैध अवैध बसों, टेम्पो व ठेलों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे लोगों का सड़क पर चलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सेट्रल को-ऑपरेटिव बैक, एसपी कार्यालय के पीछे से लेकर कलक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर जयपुर-नागौर तथा पुष्कर जाने वाली अवैध बसें व टेम्पो सड़क पर कब्जा जमाए रहते हैं। सवारियां चढ़ाने उतारने के अलावा बसों को बीच सड़क ही खड़ा कर दिया जाता है। इसके अलावा बड़ी संख्या मेंं ठेले खोमचे वाले भी कलक्ट्रेट के मोड़ पर कब्जा जमाए रहते हैं। ऐसे में अजमेर कलक्ट्रेट कार्यालय स्मार्टसिटी व संभागीय मुख्यालय न हो कर किसी कस्बे के कार्यालय में तब्दील होता नजर आ रहा है। जबकि कलक्ट्रेट व आसपास दो किमी का क्षेत्र नो वेंडिग तथा नो पार्किग जोन घोषित है।
नो वेडिग जोन बोर्ड के पास ही लगी है दुकानें
नगर निगम ने अजमेर क्लब सर्किल के पास कलक्ट्रेट की दीवार के पास ही नो वैंडिग जोन का बोर्ड लगा रखा है। लेकिन इसके नीचे ही चाय की दुकानें खुली हैं। सड़क पर ही कुर्सियां व मुड्डे लगाकर लोगोंं को दिनभर चाय पिलाई जाती है। चाय पीने वालों के वाहन भी सड़क पर खड़े होते हैं। कई ठेले वाले भी चाट पकौड़ी बेचते हुए सड़क व फुटपाथ पर कब्जा जमाए हुए है। इससे अजमेर सर्किल पर जाम की स्थिति बनती है। यहां हमेश ही सड़क दुर्घटना की आशंका रहती है। फलों के ठेले, चाय की थडिय़ां, चाट पकौड़े के खोमचे आदि से परिसर की चारदिवारी को देखें तो अजमेर क्लब चौराहा, टोडरमल लेन, पुरानी आरपीएससी के प्रवेश द्वार के बाहर ठेले चाय की दुकानों के कारण यहां लोगों का जमावड़ा रहता है।
कलक्ट्रेट के मुख्य गेट के सामने लगा बाजार
कलक्ट्रेट के सामने एसबीआई बैंक के फुटपाथ पर सब्जी, फल व गन्ने के जूस का ठेला लगाने वालों ने कब्जा कर रखा है। सड़क पर ही डेयरी बूथ संचालित है। फुटपाथ पर भी कब्जा किया गया है। डेयरी के साथ ही टैक्स बोर्ड तक सड़क पर बड़ी संख्या में ठेले तथा फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले जमे रहते हैं इससे सड़क सिकुड़ गई है। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कलक्ट्रेट के सामने ही टै्रफिक पुलिस कर्मी खड़े रहते है लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
कलक्ट्रेट के सामने अवैध बसों का जमावड़ा
कलक्ट्रेट के सामने से दिनभर सीकर व नागौर से आने वाली बसें दिनभर सवारियां उतारती व चढ़ाती है। अवैध बसों को बखौफ कलक्ट्रेट के सामने ही पार्क कर दिया जाता है। यह बसें दिनभर यहीं खड़ी रहती है। इनके अलावा एसपी कार्यालय के पीछे, रोडवेज बस स्टैंड के सामने से अवैध निजी बसें दिनभर अवैध रूप से बेखौफ संचालित होती हैं। सवारियों को लेकर कई बार मारपीट की स्थिति भी बन जाती है।
read more: तीन साल बाद दिव्यांग राजकुमार को मिली पेंशन