
अजमेर.
कोरोना वायरस संक्रमण के चलते सीबीएसई ने सम्बद्धता तिथि बढ़ा दी है। स्कूल अब 30 जून तक सम्बद्धता के लिए आवेदन कर सकेंगे।
सीबीएसई प्रतिवर्ष नई अथवा अस्थाई मान्यता प्राप्त स्कूल से सम्बद्धता आवेदन लेता है। यह स्कूल बोर्ड की निर्धारित फीस देकर ऑनलाइन आवेदन करते हैं। बोर्ड की टीम इनका निरीक्षण कर सम्बद्धता के लिए अनुशंषा करती है। बोर्ड एक या दो सत्र की की एकमुश्त सम्बद्धता देता है।
इस साल जिन स्कूल को 2021-22 की सम्बद्धता लेनी है, उन्हें 30 अप्रेल तक ऑनलाइन आवेदन भरने थे। अब बोर्ड ने यह तिथि बढ़ा दी है। बोर्ड सचिव अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण के चलते पूरे देश में लॉकडाउन है। लिहाजा सम्बद्धता आवेदन 30 जून तक किए जा सकेंगे।
प्रवेश और वार्षिक परीक्षाओं में हो सकती है विद्यार्थी की जांच
अजमेर. दसवीं और बारहवीं सहित यूनिवर्सिटी-कॉलेजकी बकाया परीक्षाओं में इस बार विद्यार्थियों को थर्मल स्कैनर, मेटल डिटेक्टर जांच से गुजरना पड़ सकता है। इसके चलते केंद्रों पर तय समय से पहुंचना जरूरी होगा।
सीबीएसई, राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड सहित केंद्रीय और राज्य स्तरीय यूनिवर्सिटी, इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेज समेत अन्य संस्थानों की परीक्षाएं बकाया हैं। इनमें दसवीं-बारहवीं, स्नातक/स्नातकोत्तर, सेमेस्टर परीक्षाएं, नीट, जेईई मेन,जेईई एडवांस, यूजीसी-नेट और अन्य परीक्षाएं शामिल हैं।
जांच के बाद ही प्रवेश
कोरोना संक्रमण की प्रारंभिक जांच के तहत थर्मल स्कैनर से शरीर का तापमान जांचा जाता है। लिहाजा बोर्ड, यूनिवर्सिटी-कॉलेज की बकाया परीक्षाओं में विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्टाफ की थर्मल स्कैनर से जांच करनी जरूरी होगी। परीक्षा केंद्रों पर मुख्य द्वार या स्कैनर की व्यवस्था करनी पड़ेगी। जेईई मेन, नीट, जेईई एडवांस और अन्य परीक्षाओं की तर्ज पर मेटल डिटेक्टर से विद्यार्थियों की जांच कराई जा सकती है।
यूं करनी होगी व्यवस्था
-थर्मल स्कैनर से जांच हुई तो समय से पहले पहुंचना होगा केंद्रों पर
-परीक्षा केंद्रों में मास्क और सेनेटाइजर की व्यवस्था
-सेनेटाइज्ड कराना होगा कमरों-परिसरों को
-प्रतिदिन एक से तीन पारियों में पेपर