अजमेर

राम के शक्तिबाण से छूटे दशानन के प्राण

बुराई पर अच्छाई की जीत, रावण का दंभ हुआ चूर पटेल मैदान में रावण दहन देखने उमड़े शहरवासी जमकर हुई आतिशबाजी, भगवान राम के जयकारे गूंजे देशी व विदेशियों ने मनमोहक प्रस्तुति
2 min read
Oct 08, 2019
राम के शक्तिबाण से छूटे दशानन के प्राण
राम के शक्तिबाण से छूटे दशानन के प्राण

अजमेर. नगर निगम के दशहरा महोत्सव के तहत मंगलवार को पटेल मैदान में राम ने जैसे रावण की नाभि में शक्तिबाण मारा वैसे ही जयकारों से मैदान गूंज उठा और कुछ मिनटों में दशानन का दंभ चूर-चूर हो गया। रावण का पुतला धूं-धूं कर राख में तब्दील हो गया। रावण के पुतले ने पलकें झपकाई, मुंह से अंगारे बसराए, तलवार चलाई और ढाल घुमाई। रावण के साथ उसके पुत्र मेघनाथ व भाई कुंभकर्ण के पुतले भी जलाए गए। लंका दहन भी किया गया। इससे पूर्व रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का महापौर धर्मेन्द्र गहलोत, उपायुक्त गजेन्द्र सिंह रलावता, संयोजक जे.के.शर्मा ने आरती की। नगर निगम की ओर से शानदार आतिशबाजी की गई। मैदान में राम, लक्ष्मण व हनुमान ने रावण की सेना के साथ प्रतीकात्मक युद्ध किया। रावण देखने के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। रावण दहन कार्यक्रम के बाद राम जानकी सवारी विजयी होकर गाजे-बाजे के साथ वापस लौटी। रावण दहन के बाद राम, लक्ष्मण, सीता का तिलक किया गया। गाजे-बाजे के साथ यह सवारी विभिन्न रास्तों से होते हुई वापस घसेटी पहुंचकर सम्पन्न हुई। कार्यक्रम में अतिथि कई पार्षद, अधिकारी व नगर निगम के कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह रहे अतिथि के रूप में उपस्थित
शहर के उतार घसेटी रघुनाथ मंदिर से भगवान राम की सवारी गाजे-बाजे और काली के अखाड़े के साथ रवाना हुई। यह शाम को करीब 6 बजे पटेल मैदान पहुंची। पटेल मैदान में मुख्य अतिथि राजगढ़ भैरवधाम के उपासक चम्पालाल महाराज, महापौर धर्मेन्द्र गहलोत, विधायक वासुदेव देवनानी, पीसीसी सचिव महेन्द्र सिंह रलावता, जिला कलक्टर विश्वमोहन शर्मा, नगर निगम आयुक्त चिन्मयी गोपाल, एडीएम सिटी अरविन्द सेंगवा आदि उपस्थित रहे। अंत में मेला अधिकारी गजेन्द्र सिंह रलावता ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

देशी व विदेशियों ने मचाई धूम

दशहरा महोत्सव में विश्वविख्यात नगाड़ा वादन नाथू एवं उनकी टीम ने नगाड़ा वादन कर समां बांध दिया। टीम में देशी और विदेशियों ने शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के दौरान ‘सांसों की माला में सीता-राम...’ ‘कभी रा ूबनके कभी श्याम बनकर चले आना...’ व ‘मेरे जिवड़े का मालिक तू...’ सहित हिन्दी और मारवाड़ी गीत और भजनों पर जमकर प्रस्तुति दी। इसमें एक युवक ने चार कांच के गिलास पर मटका रखकर और विदेशी युवतियों की ओर से शानदार प्रस्तुति दी, जिसे देखकर शहरवासी मंत्रमुग्ध हो गए।

Published on:
08 Oct 2019 10:53 pm