
चन्द्र प्रकाश जोशी
अजमेर. कोरोना संक्रमित मरीजों को क्वॉरंटीन सेन्टर से अजमेर के जवाहर लाल नेहरू अस्पताल में रैफर करने, कंटेनमेंट जोन में तत्काल सर्वे शुरू करने के आदेश की पालना के बजाय चिकित्सा प्रभारी एवं बीपीएम आपस में उलझ पड़े। उधर, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने समाधान करने के बजाय उच्चाधिकारियों को चिट्टी लिख इतिश्री कर दी। चिकित्सा विभाग में आपसी खींचतान के चलते करीब तीन घंटे तक करोना संकरमित मरीजों को अजमेर के लिए रैफर नहीं किया गया। हालात यह बन गए कि क्वॉरंटीन सेन्टर में संक्रमण का और खतरा उत्पन्न हो गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय अजमेर से भिनाय के ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी और सीएचसी भिनाय को तीन कोरोना पॉजिटिव मरीजों की सूचना भिजवाई गई। भिनाय बीपीएम बृजेश चौधरी ने सीएचसी प्रभारी डॉ. अनिल मीणा को संबंधित सूचना दी। इस पर किसी बात को लेकर आपस में उलझ पड़े। बीसीएमओ महावीर शर्मा, चिकित्सक एवं बीपीएम में तालमेल के अभाव के चलते अजमेर से 1.50 बजे की सूचना के बावजूद करीब 5 बजे तक कोरोना पॉजिटिव अजमेर रवाना नहीं हो पाए। कोविड19 की गाइड लाइन-संक्रमित की सूचना पर तत्काल मरीज को हायर सेन्टर/आइसोलेशन वार्ड में भिजवाना। -क्वॉरंटीन सेन्टर में पॉजिटिव मरीज को अन्य मरीजों के साथ अधिक समय तक नहीं रखना।-कंटेनमेंट जोन एवं संक्रमित के परिवार के अन्य सदस्यों का सर्वे व स्क्रीनिंग जरूरी है।बीसीएमओ ने लिखा सीएमएचओ को पत्रमरीजों को समय पर रैफर नहीं करने की स्थिति में ब्लॉक मुख्य चिकित्सा प्रभारी ने इस पूरे घटनाक्रम व संक्रमित मरीजों को अजमेर भेजने में हुई देरी संबंधी पत्र लिखकर सीएमएचओ को मेल किया।
इनका कहना है
भिनाय के तेलाड़ा में कोरोना पॉजिटिव मरीजों को समय पर भेजने के लिए चिकित्साप्रभारी को भेजा गया है। यहां आपस में ही उलझ रहे हैं। अधिक जानकारी डॉ. मीणा ही आप को बता पाएंगे।
डॉ.महावीर शर्मा, बीसीएमओ भिनाय
मारपीट जैसी कोई घटना नहीं हुई। जानकारी मिलने के बाद कोरोना पॉजिटिव मरीजों को अजमेर भिजवा दिया गया।
डॉ.अनिल मीणा, चिकित्सा प्रभारी सीएचसी भिनाय
मामले की जानकारी मिलने पर चिकित्साधिकारियों से बात की है। कोरोना पॉजिटिव मरीजों को तत्काल भेजने के निर्देश दिए हैं।
डॉ. के.के. सोनी, सीएमएचओ अजमेर