
कार्रवाई : पुलिस ने नाबालिग को प्राइवेट फाइनेन्स कम्पनी के दफ्तर से किया बरामद, किशोरी की शिकायत पर दर्ज मामले में सात गिरफ्तार
अजमेर.
कोटड़ा क्षेत्र में प्राइवेट फाइनेंस कम्पनी की ओर से महिला समूह बनाकर ऋण देने व ऋण की किश्त अदा नहीं करने पर कर्जदार महिला की नाबालिग बेटी को अगवा करने व घरेलू गैस सिलेंडर चोरी कर ले जाने का मामला सामने आया है। पीडि़ता की रिपोर्ट पर सक्रिय हुई क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने किशोरी को बरामद कर 5 महिला और दो युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार कोटड़ा क्षेत्र में रहने वाली महिला की शिकायत पर किशोरी को अगवा करने व घर से घरेलू सिलेंडर चोरी कर ले जाने का मामला दर्ज किया। पीडि़ता की शिकायत पर थानाप्रभारी दिनेश कुमावत ने कार्रवाई करते हुए गंज थाना क्षेत्र प्राइवेट फाइनेंस कम्पनी के दफ्तर से किशोरी को बरामद कर लिया। पुलिस ने रूपनगढ़ जाजोता हाल पुष्कर कोटा घाट होटल निवासी गोविन्द सिंह, झुंझुनूं नवलगढ़ हाल पुष्कर कोटा घाट होटल निवासी रोहिताश चारण, गंज निवासी सीमा पत्नी सुनील जाटव, ऋषि घाटी निवासी लक्ष्मी पत्नी ताराचंद जाटव, भावना पत्नी छोटी सिंह जाटव, बाबूगढ़ कृष्णा कॉलोनी निवासी रजनी पत्नी अजय जाटव, देहली गेट निवासी नजमा बानो को नाबालिग के अपहरण व सिलेंडर चोरी के मामले में गिरफ्तार किया।
बेटी देने जाती थी किश्त
प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि पीडि़ता के ऋण की किश्त कई बार उसकी नाबालिग बेटी भरने गई थी। ऐसे में आरोपियों ने पीडि़ता की बेटी को देख लिया था। शुक्रवार को जब वह किश्त वसूली के इरादे से निकले तो पचा चला कि पीडि़ता गंज क्षेत्र की बजाए कोटड़ा में रहती है। पांचों महिलाएं युवकों के साथ कोटड़ा में मकान पर पहुंच गई।
यह है मामला
पीडि़ता ने प्राइवेट फाइनेंस कम्पनी की ओर से बनाए गए महिला समूह से गत दिनों 25 हजार रुपए का ऋण लिया था। ऋण की अदायगी के लिए पीडि़ता को प्रत्येक सप्ताह 400 रुपए की किश्त अदा करनी थी। आर्थिक तंगी के चलते वह 3-4 किश्त अदा नहीं कर सकी। लगातार चार किश्त अदा नहीं करने पर नजमा बानो, रजनी, भावना, लक्ष्मी, सीमा के साथ रोहिताश व गोविन्द पीडि़ता के घर पहुंचे। यहां उसकी नाबालिग बेटी मिली। आरोपी किश्त वसूली के लिए उसकी बेटी के साथ घरेलू सिलेंडर उठा ले गए। शाम को जब पीडि़ता और उसका पति घर पहुंचे तो बेटी नहीं मिली तो हंगामा कर दिया। पड़ोसियों ने जब घटनाक्रम की सूचना दी तो उन्होंने क्रिश्चियन गंज थाने में शिकायत कर दी।
इनका कहना है...
पीडि़त महिला की शिकायत पर अपहरण व चोरी का मामला बनना पाया गया। मामले में किशोरी को बरामद कर लिया है। पांच महिलाओं समेत दो युवक को प्रकरण में गिरफ्तार किया है। मामला प्राइवेट फाइनेंस कम्पनी की ओर से चलाए जाने वाले महिला समूह से ऋण लेने से जुड़ा है।
दिनेश कुमावत, थानाप्रभारी क्रिश्चियन गंज