अजमेर

लीड….गौशालाएं खाली, सड़कों पर नंदी बेहाल; शिवाड़ में दुर्घटना का डर

Jul 27, 2026
Rajasthan

शिवाड़. कस्बे में खुले घूम रहे नंदी अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। दो गौशालाएं संचालित होने के बावजूद एक दर्जन से अधिक नंदी मुख्य बाजार, लक्ष्मीनाथजी मंदिर मार्ग और घुश्मेश्वर मंदिर जाने वाले रास्ते पर दिनभर घूमते नजर आते हैं। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और दुकानदारों में हर समय दुर्घटना का भय बना रहता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार नंदी अक्सर मुख्य मार्ग और अवैध सब्जी मंडी क्षेत्र में डेरा जमाए रहते हैं। कई बार आपस में लड़ाई होने पर सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बन जाती है। वहीं सब्जी की दुकानों पर पहुंचकर नंदी सब्जियां खाने लगते हैं। नुकसान से बचाने के लिए दुकानदार उन्हें भगाने का प्रयास करते हैं, लेकिन कई बार नंदी अचानक सड़क पर दौड़ पड़ते हैं, जिससे हादसे की आशंका बढ़ जाती है।
मुख्य बाजार होने के कारण इस मार्ग से दिनभर दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ घुश्मेश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालु, स्कूली बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग गुजरते हैं। ऐसे में कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। लोगों ने मांग की है कि खुले घूम रहे नंदियों को तत्काल गौशालाओं में भेजा जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और संभावित हादसों पर रोक लगाई जा सके।

Updated on:
27 Jul 2026 06:02 am
Published on:
27 Jul 2026 06:02 am