
Trailer Hit Pickup Vehicle: ब्यावर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सदर थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में ट्रेलर की टक्कर से पिकअप में सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई और 4 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों का राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। सभी लोग अजमेर जिले के अजयसर क्षेत्र के निवासी हैं और धोलादातां में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे।
सदर थानाधिकारी गजराज ने बताया कि अजयसर निवासी बाबू (40) पुत्र भंवर, इमरान (20) पुत्र बाबू, हमीद, जमीला, सकीना और लाखीना पिकअप से सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने धोलादातां आए थे। कार्यक्रम के बाद लौटते समय उनकी पिकअप राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंची। इसी दौरान राजमार्ग से गुजर रहे एक ट्रेलर ने पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आस-पास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर घायलों को वाहन से बाहर निकाला और राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय पहुंचाया।
चिकित्सकों ने जांच के बाद बाबू और उनके पुत्र इमरान को मृत घोषित कर दिया। वहीं हमीद, जमीला, सकीना और लाखीना को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई।
हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय पहुंच गए जिससे अस्पताल परिसर में देर तक भीड़ बनी रही।
अजमेर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार शाम बारिश के बीच एक ट्रेलर चालक के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रहा केमिकल से भरा टैंकर उससे टकरा गया। हादसे में टैंकर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक-परिचालक को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के बाद हाइवे पर लंबा जाम लग गया। जाम के दौरान यात्री बसों और छोटे चौपहिया वाहनों में सवार लोगों को काफी देर तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर गेगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्रेन और जेसीबी की सहायता से क्षतिग्रस्त टैंकर और ट्रेलर को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया गया।