
मनीष कुमार सिंह
अजमेर(Ajmer News). कोरोना के खौफ के बीच ढाई महीने अपने पीहर में बिता कर लौटी एक 70 वर्षीय महिला को उसकी बेटी ने बिना कोरोना टेस्ट करवाए घर में प्रवेश देने से इन्कार कर दिया। उसने मां को यह कह कर घर के बाहर से ही रवाना कर दिया कि पहले अपना कोरोना टेस्ट करवा कर आओ। बेटी के इस व्यवहार से क्षुब्ध होकर मां क्रिश्चियनगंज पुलिस थाने पहुंच गई। हालांकि पुलिस को लिखित शिकायत देने की बात कह कर वह वहां से चली गई और वापस नहीं लौटी।
वृद्धा के दो बेटे हैं
जानकारी के अनुसार वृद्धा के दो बेटे भी हैं। इनमें से एक बेटा और बेटी उसके साथ रहे हैं। जिस घर में वह रह रही है, वह उसी का बताया जा रहा है। इसके बावजूद उसे अपने ही घर में कोरोना टेस्ट करवाए बिना प्रवेश नहीं मिला।
इनका कहना है...
पीडि़ता शिकायत लेकर आई थी। उसकी बेटी ने उसको पहले कोरोना टेस्ट करवाकर आने के लिए कहा था। वह पुन: नहीं लौटी। शिकायत मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी।
-दिनेश कुमावत, थानाधिकारी क्रिश्चियन गंज