अजमेर

डबल डैकर मालगाड़ी दौड़ती रही, पीछे छूट गए डिब्बे, टला बड़ा हादसा

अजमेर रेल मण्डल के सेन्दड़ा स्टेशन के निकट दौड़ती डबल डैकर मालगाड़ी अचानक दो हिस्सों में बंट कर दौड़ती रही।
less than 1 minute read
• •
Updated: 16 Sep 2022, 2:13 PM IST
goods train divided into two parts in beawar ajmer

ब्यावर। अजमेर रेल मण्डल के सेन्दड़ा स्टेशन के निकट गुरुवार सुबह दौड़ती डबल डैकर मालगाड़ी अचानक दो हिस्सों में बंट कर दौड़ती रही। रेल कार्मिकों ने समय रहते ट्रेन के दोनों को हिस्सों को जोड़ दिया जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

स्टेशन अधीक्षक नाहर सिंह मीणा ने बताया कि सुबह ब्यावर से अहमदाबाद की ओर जा रही डबल डैकर मालगाड़ी का स्टेशन से पहले झाड़ली-मानपुरा गांव की सरहद के निकट कपलिंग बॉक्स के हुक की वेल्डिंग टूट गई।

इससे चलती मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गई। स्टेशन पर कार्यरत महेन्द्र सिंह रावत व बलवीर सिंह सहित अन्य कार्मिक मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए लोको पायलट व गुड्स गार्ड की सहायता करते हुए मालगाड़ी के दूसरे हिस्से को सेन्दड़ा स्टेशन पर पहुंचाया। इस सम्बन्ध में रेलवे के उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया गया।

बाधित हुई कई ट्रेन
अजमेर की ओर से साबरमती (गुजरात) को जाने वाली इन्टरसिटी एक्सप्रेस ब्यावर रेल्वे स्टेशन पर करीब ढाई घण्टे तक खड़ी रही। यह ट्रेन सेन्दड़ा स्टेशन से करीब 10.30 बजे गुजरी। वहीं कई मालगाड़ियों को भी अन्य स्टेशन पर खड़ा करवाया गया।

Published on: